
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर। अवैध संबंध का विरोध करने पर पति की बेरहमी से हत्या करने की आरोपित महिला और उसके प्रेमी समेत तीन को अदालत ने दोषी पाते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। डेढ़ वर्ष पहले मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में हुई इस घटना में मृतक की सोते समय चाकू से गला काटकर हत्या की गई थी। हत्या के दौरान बीच-बचाव की कोशिश में महिला के प्रेमी की उंगुली कटकर घटनास्थल पर गिर गई थी।
पुलिस ने उसकी डीएनए जांच कराई तो सच सामने आया। मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के गांव फरदखेड़ी की इस घटना में ममता मालवीय के राहुल मालवीय से संबंध थे। इसकी जानकारी उसके पति मुकेश को लगी तो उसने विरोध किया। समझाने पर मानने के बजाय ममता ने प्रेमी राहुल और उसके दोस्त सुनील के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। इसे 12 फरवरी 2025 की रात अन्जाम दिया।
मुकेश घर में सोया हुआ था तो रात्रि एक बजे ममता ने फोन कर राहुल और सुनील को बुला लिया। वह पति के सीने पर बैठ गई और सुनील ने मुंह दबा दिया ताकि वह चीख न पाए। राहुल ने चाकू से उसका गला काट दिया। इस दौरान मुकेश ने बीच-बचाव की कोशिश की, जिससे चाकू के वार के कारण राहुल की एक उंगुली कटकर घटनास्थल पर गिर गई।
दोनों के जाने के बाद ममता ने ग्रामीणों को बताने के लिए कहानी गढ़ी की पति को अज्ञात लोगों ने मार डाला, लेकिन ममता की काल डिटेल के आधार पर राहुल को पकड़ा गया। उसकी अंगुली कटी पाई गई। घटनास्थल पर बरामद अंगुली से उसका डीएनए मिलान भी हुआ। शाजापुर के प्रधान सत्र न्यायाधीश ने तीनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।