
नईदुनिया न्यूज, आगर मालवा। दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को आयोजित ‘वोट चोरी रैली’ में अनुपस्थित रहने पर मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने आगर-मालवा जिलाध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह चौहान सहित प्रदेश के कई पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर की गई। निलंबन तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक लागू रहेगा।
संगठन ने रैली में शामिल नहीं होने को अनुशासनहीनता माना है। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित इस रैली में पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य मानी गई थी। बावजूद गैरहाजिर रहने पर संगठन ने अनुशासन का हवाला देते हुए कार्रवाई की। निलंबित पदाधिकारियों की सूची में चौहान का नाम आने से जिले की युवा कांग्रेस की राजनीति में हलचल है।
यह भी पढ़ें- 'निर्मला सप्रे की सदस्यता पर दो महीने में फैसला करें एमपी विधानसभा अध्यक्ष', सुप्रीम कोर्ट का निर्देश
उनके निलंबन के बाद संगठनात्मक नेतृत्व को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब यह देखना होगा कि संगठन आगे क्या निर्णय लेता है और जिले में युवा कांग्रेस की कमान किसे सौंपी जाती है। फिलहाल इस कार्रवाई को जिले में युवा कांग्रेस के लिए बड़ा संगठनात्मक झटका माना जा रहा है।