कूनो में मादा चीता ने 4 शावकों को दिया जन्म, भारत में चीतों की संख्या 62 हुई, CM ने जताई खुशी
कूनो में लगातार चीतों का कुनबा बढ़ना इस परियोजना के लिए बड़ी उपलब्धि है।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 12:13:05 PM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 12:13:25 PM (IST)
सीएम द्वारा जारी वीडियो से लिए गया फोटो।HighLights
- बोत्सवाना से आई मादा चीता ने दिया जन्म
- भारत में जन्मे चीतों की संख्या हुई 43
- सीएम मोहन यादव ने टीम को दी बधाई
डिजिटल टीम, श्योपुर। मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान से प्रोजेक्ट चीता के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बोत्सवाना से लाई गई ढाई वर्ष की मादा चीता KOMG 3 ने शुक्रवार को कूनो के जंगल में चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। इसके साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो गई है। इनमें 43 चीते भारत की धरती पर जन्मे हैं।
करीब चार वर्ष पहले शुरू हुआ चीता पुनर्वास कार्यक्रम अब वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर रहा है। कूनो में लगातार चीतों का कुनबा बढ़ना इस परियोजना के लिए बड़ी उपलब्धि है।
सीएम ने सोशल मीडिया के माध्यम से जताई खुशी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत में वन्यजीव संरक्षण के संकल्प को बड़ी सफलता मिल रही है। यह मध्य प्रदेश के लिए विशेष गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट चीता से जुड़े वन्यजीव विशेषज्ञों, पशु चिकित्सकों और वनकर्मियों को बधाई दी।