श्योपुर रामेश्वर मेले में उमड़ेंगे श्रद्धालु, 24 से 26 नवंबर तक आयोजन, संगम घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कलेक्टर ने घाटों पर सुरक्षा, स्नान व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 02:51:20 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 02:51:46 PM (IST)
तैयारियों को लेकर चंबल नदी के घाट का निरीक्षण करते हुए अधिकारी। नईदुनियाHighLights
- 23 नवंबर से शुरू होगा श्रद्धालुओं का आगमन
- घाटों पर एसडीआरएफ और पुलिस बल तैनात
- लाइफ जैकेट के बिना नाव संचालन पर सख्ती
नईदुनिया न्यूज, श्योपुर। कार्तिक पूर्णिमा पर चंबल, सीप और बनास सहित तीन नदियों के पवित्र संगम स्थल रामेश्वर धाम में लगने वाले तीन दिवसीय मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 24 से 26 नवंबर तक आयोजित होने वाले मेले में मध्यप्रदेश और राजस्थान से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु मेला शुरु होने से एक दिन पहले ही यहां आना शुरु कर देते हैं।
इसे देखते हुए प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ कार्तिकेय जायसवाल और पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने शनिवार को रामेश्वर त्रिवेणी संगम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने घाटों पर सुरक्षा, स्नान व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आगमन कल से होगा श्रद्धालुओं का
निरीक्षण के दौरान प्रभारी कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं का आगमन 23 नवंबर से ही शुरू हो जाएगा, इसलिए मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर ली जाएं। संगम घाटों पर की गई बैरिकेडिंग, स्नान के लिए निर्धारित स्थानों और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से अवलोकन किया गया। नदी में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एसडीआरएफ की टीमें तैनात रहेंगी।
इसके अलावा मेला स्थल पर फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य शिविर और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने नाव संचालकों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी यात्री को लाइफ जैकेट पहनाए बिना नाव में नहीं बैठाया जाए।
नावों में सुरक्षा के लिए रस्सी, ट्यूब सहित अन्य जरूरी संसाधन रखने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस अधिकारियों को मेले के दौरान पर्याप्त बल तैनात करने और लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, एसडीओपी आनंद कुमार राय, तहसीलदार दीपेश धाकड़, जनपद पंचायत सीईओ अभिषेक त्रिवेदी, मानपुर थाना प्रभारी सतीश दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
तीन नदियों का संगम, दोनों राज्यों की आस्था का केंद्र
श्योपुर तहसील के मानपुर के समीप स्थित रामेश्वर त्रिवेणी संगम धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। यहां चंबल, बनास और सीप नदियों का मिलन होता है। मध्यप्रदेश की ओर रामेश्वर तीर्थ स्थित है, जबकि नदी के दूसरी ओर राजस्थान में चतुर्भुजनाथ मंदिर है। कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालु संगम में पवित्र स्नान के बाद रामेश्वरनाथ के दर्शन करते हैं और नावों से नदी पार कर चतुर्भुजनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यही वजह है कि इस मेले में दोनों राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं।