प्रेमिका से विवाद के बाद चंबल नदी में कूदा युवक, पुलिस और मोटरबोट कर्मियों ने बचाई जान
पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि प्रेमिका से विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया।
Publish Date: Fri, 16 Oct 2026 06:49:55 PM (IST)Updated Date: Fri, 16 Oct 2026 06:50:27 PM (IST)
HighLights
- पाली पुल से चंबल में लगाई छलांग
- पुलिस और कर्मियों का त्वरित रेस्क्यू
- समझाइश के बाद परिजनों को सौंपा
नईदुनिया न्यूज, श्योपुर। प्रेमिका से विवाद के बाद एक युवक ने चंबल नदी में छलांग लगा दी। घटना से पाली पुल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। युवक को नदी में कूदता देख पुलिस और मोटरबोट कर्मियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि प्रेमिका से विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया।
पाली पुल की है घटना
घटना मानपुर थाना क्षेत्र में सामरसा पुलिस चौकी के पास स्थित पाली पुल की है। युवक की पहचान रोनक के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम मेवाड़ा का निवासी है और वर्तमान में श्योपुर शहर के वार्ड क्रमांक 15 में रहता है। प्रेमिका से विवाद के बाद उसने आत्महत्या के इरादे से पुल से नदी में छलांग लगाई। पुलिस ने समझाइश देकर उसे स्वजनों के हवाले कर दिया।
पाली पुल पर ऐसी घटना पहले भी हो चुकी है। इससे पहले कई लोग पुल से चंबल में कूदकर आत्महत्या कर चुके हैं। इनमें से कई को बचाव अभियान चलाकर सुरक्षित बचाया गया है।