
नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर। जिले में दो वरिष्ठ नेताओं के विवादित बयानों ने सियासी माहौल गरमा दिया है। जोश में होश खोकर भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने महिलाओं को लेकर अमर्यादित टिप्पणी कर दी, जिसके बाद दोनों ही दल अब एक-दूसरे के खिलाफ FIR की मांग कर रहे हैं।
मामले की शुरुआत सोमवार को हुई। विजयपुर से भाजपा के पूर्व विधायक बाबू लाल मेवरा ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को लेकर विवादित बयान दिया और उन्हें कुकर्मी लेडी कह दिया। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। कांग्रेस नेताओं ने कोतवाली के सामने टेंट लगाकर दिन भर धरना दिया और पूर्व विधायक मेवरा पर FIR दर्ज करने और उन्हें पार्टी से निष्कासित करने की मांग की।
इसी धरने के दौरान अक्सर विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल भी जोश में होश खो बैठे। उन्होंने भाजपा की महिलाओं को लेकर अनर्गल बयान देना शुरू कर दिया। विधायक जंडेल ने कहा कि तुम क्या इंदिरा गांधी के कुकर्म की बात करते हो, देख लो तुम्हारी बहन-बेटी कुकर्म कर रही है।
विधायक जंडेल का यह बयान आते ही भाजपा एकजुट हो गई। भाजपा नेता सीधे एसपी कार्यालय पहुंचे और एसपी मोतीउर रहमान को ज्ञापन सौंपा। भाजपा ने विधायक जंडेल के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की और उनके बयान का कड़ा विरोध जताया। भाजपा नेताओं ने कहा कि बहन-बेटियों को कुकर्मी कहना अपमानजनक है, ऐसे व्यक्ति को किसने विधायक बना दिया जो महिलाओं का सम्मान करना नहीं जानता।
भाजपा के पूर्व विधायक के बयान पर कांग्रेस उन्हें घेरने सड़क पर उतरी थी, लेकिन अपने ही विधायक जंडेल के बयान के बाद कांग्रेस खुद विवादों में घिर गई और बैकफुट पर आ गई। पार्टी के अंदर ही कई नेता विधायक जंडेल को कोसते नजर आए और कह रहे थे कि यह क्या बोल दिया, मामला उल्टा कर दिया।
भाजपा ने पूरे दमखम के साथ विधायक जंडेल के बयान का विरोध किया है और कहा है कि सुर्खियों में बने रहने के लिए विवादित बयान देना उनकी आदत बन गई है, इसलिए उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल दोनों ही पार्टियों ने धरना-प्रदर्शन किया है और FIR की मांग पर अड़ी हुई हैं।
कांग्रेस का धरना चल रहा है, भाजपा नेता एसपी साहब को ज्ञापन सौंपकर आए हैं, अभी पुलिस के द्वारा दोनों ओर से किसी के खिलाफ भी कोई एक्शन नहीं लिया है।
-सत्यम सिंह गुर्जर, TI, कोतवाली