'अगर मैं गलत निकला तो सिर में मार लूंगा गोली'... श्योपुर MLA बाबू जंडेल ने AI साजिश बताकर मांगी CBI जांच
विधायक बाबू जंडेल ने मीडियाकर्मियों के बीच आकर कहा कि वह भी वीडियो की जांच करा रहे हैं। वह लड़की कौन है, जिसने वीडियो डाला है।
Publish Date: Tue, 13 Oct 2026 09:18:04 PM (IST)Updated Date: Tue, 13 Oct 2026 09:18:28 PM (IST)
कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल का फाइल फोटो।HighLights
- AI से वीडियो बनाने का आरोप
- CBI जांच कराने की मांग
- दोषी पाए जाने पर इस्तीफे का दावा
नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर। श्योपुर में वायरल किए जा रहे अश्लील वीडियो को लेकर आखिर 20 दिनों के बाद कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने इसे बदनाम करने की साजिश करार दिया है। कहा कि वीडियो को एआई से बनाकर उनकी छवि को धूमिल करने के प्रयास किया गया है।
सरकार-प्रशासन इस मामले की सीबीआईजांच कराए, अगर आरोप सिद्ध कर दे तो राजनीति से संन्यास लेकर विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे। आरोप सही मिले तो मैं खुद के सिर पर गोली मार लूंगा।
मैं वीडियो की करा रहा हूं जांच...
विधायक बाबू जंडेल ने मीडियाकर्मियों के बीच आकर कहा कि वह भी वीडियो की जांच करा रहे हैं। वह लड़की कौन है, जिसने वीडियो डाला है। वीडियो डालने वालों को कानूनी नोटिस दूंगा। डरने वाला नहीं हूं, सत्य पर अडिग हूं। जो लोग यह वीडियो डाल रहे हैं, उन्हें मैं जेल में डलवाऊंगा। तीन महीने पहले भी फोन आया था कि कुछ लोग षड्यंत्र करके वीडियो डाल रहे हैं।
मैं चरित्रवान हूं, चरित्रहीन नहीं
मैंने मां-बेटियों को अपनी मां-बहन की तरह माना है, चरित्रवान हूं, चरित्रहीन नहीं। बता दें कि इंटरनेट मीडिया पर पहली बार लगभग 20 दिन पहले वीडियो वायरल हुआ था जिसमें महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में दिख रहे व्यक्ति के कांग्रेस विधायक होने का दावा किया गया था।