श्योपुर में सड़क पर तेंदुआ देख बाइक फिसली, हादसे में युवक की मौके पर मौत
सूचना मिलने के बाद अगरा थाना पुलिस ने मर्ग कायम करके जांच शुरू कर दी है।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 09:51:27 AM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 09:51:56 AM (IST)
HighLights
- बर्रेड़ गांव के पास रात में हुआ हादसा
- तेंदुआ बचाने के प्रयास में फिसली बाइक
- पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
नईदुनिया न्यूज, श्योपुर। जंगल से निकलकर सड़क पर आए तेंदुआ को देखते ही बाइक सवार के हाथ-पैर फूल गए,वह इतना ज्यादा डर गया कि, तेंदुआ को देखते ही उसकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद अगरा थाना पुलिस ने मर्ग कायम करके जांच शुरू कर दी है।
अगरा थाना क्षेत्र के बर्रेड़ गांव का है मामला
मामला अगरा थाना क्षेत्र के बर्रेड़ गांव का है। बताया गया है कि बीते शुक्रवार की रात करीब 10:30 बजे युवक की बाइक के सामने एक तेंदुआ अचानक से जंगल से निकलकर सड़क पर आ गया। उससे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसा इतना गंभीर था कि 20 वर्षीय युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राघवेन्द्र पुत्र जगन्नाथ आदिवासी (20) के रूप में हुई है। बाइक से ग्राम बरेड़ के पास से गुजर रहा था।
अचानक तेंदुआ सड़क पर आ गया...
इसी दौरान अचानक तेंदुआ सड़क पर आ गया। अप्रत्याशित रूप से सामने आए वन्यजीव के कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और दुर्घटना का शिकार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जानकारी जुटाई। जितेन्द्र पुत्र नरेश आदिवासी की रिपोर्ट के आधार पर अगरा थाना पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 194 के तहत मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।