नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर। जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों में उफान आ गया है और कई पुल-पुलिया पानी में डूब गए हैं। आवागमन के रास्ते बंद होने के साथ ही निचले इलाकों में पानी भर गया है। विजयपुर क्षेत्र में क्वारी नदी खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गई है।
क्वारी नदी में आए उफान से विजयपुर का बड़ा पुल, मैरिज गार्डन और मकान दुकानें डूबी। नईदुनिया
एसडीआरएफ की टीमें भी राहत और बचाव कार्य के लिए तैनात
जलस्तर बढ़ने से नदी के आसपास बसे घरों और दुकानों में पानी घुस गया। वहीं पार्वती, चंबल, सीप, मोरडूंगरी और अमराल नदियों में आए उफान ने कई मार्गों को प्रभावित किया है। प्रशासन और पुलिस ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाते हुए नदी-पुलों के आसपास बैरिकेडिंग कर दी है। एसडीआरएफ की टीमें भी राहत और बचाव कार्य के लिए तैनात की गई हैं। कलेक्टर शीला दाहिमा ने लोगों से अपील की है कि, उफनते हुए नदी-नालों के पास न जाएं, जो पुल-पुलिया पानी में डूब गए हैं, उन्हें पार करने का जोखिम नहीं उठाएं। एसपी मोती उर रहमान ने पुलिस की टीमों को बाढ़ वाले इलाकों, उफनती हुई नदी नालों के पास तैनात करवा दिया है। जहां आवश्यकता है वहां बैरिकेडिंग करवाकर रास्तों को बंद भी कराया गया है।
48 घंटे की बारिश से ओवरफ्लो हुआ आवदा डैम, सीप नदी में बाढ़ आने का खतरा
लगातार बारिश के चलते आवदा डैम महज 48 घंटे में ओवरफ्लो हो गया। डैम के लबालब भरने से जहां आसपास के इलाकों में पानी की स्थिति को लेकर प्रशासन सतर्क है, वहीं किसानों के लिए यह अच्छी खबर भी है। डैम में पर्याप्त पानी जमा होने से आने वाले समय में फसलों की सिंचाई के लिए किसानों को भरपूर पानी उपलब्ध हो सकेगा। डैम के ओवरफ्लो होने से क्षेत्र में जलस्रोतों के भी रिचार्ज होने की उम्मीद बढ़ गई है। इसके साथ ही सीप नदी में बाढ़ का खतरा भी मंडराने लगा है। अगर सीप नदी में बाढ़ आई तो शहर में भी नदी का पानी घुस सकता है। प्रशासन ने नदी से दूर रहने की अपील की है।
क्वारी नदी का पानी दुकान और मकानों के ऊपर इस तरह बह रही और विजयपुर के कन्याशाला स्कूल में पानी भरा। नईदुनिया खतरे के निशान के ऊपर बह रही क्वारी नदी, गांव, घर और दुकानों में पानी घुसा
विजयपुर क्षेत्र में क्वारी नदी में तेज उफान आने से हालात बिगड़ गए। नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। इससे नदी का पानी गोलीपुरा, अर्रोद सहित आसपास के गांवों तक पहुंच गया। नदी किनारे और निचले इलाकों में बने कई घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कोठारी मैरिज गार्डन और सब्जी मंडी की कई दुकानें भी पानी में डूब गईं। अचानक बढ़े जलस्तर के कारण व्यापारियों को सामान बचाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
उफान पर आई मोरडूंगरी नदी। नईदुनिया मोरडूंगरी नदी में आया उफान, जेल के सामने बने पुल के ऊपर पानी पहुंचा
मोरडूंगरी नदी में भी बारिश के बाद तेज उफान देखने को मिला। नदी का पानी जेल के सामने बने पुल तक पहुंच गया। पुल पर पानी आने के बाद प्रशासन ने लोगों को आवाजाही से रोकने के लिए आवश्यक इंतजाम किए। नदी और पुलों पर बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और जोखिम लेकर पानी पार नहीं करने की अपील की गई है।
गुप्तेश्वर मंदिर के पास नदी के पानी में डूबी हुई सड़क को जोखिम उठाकर पार करते हुए लोग। नईदुनिया
प्रसिद्ध गुप्तेश्वर मंदिर के पास से गुजर रही प्रधानमंत्री सड़क डूबी
लगातार बारिश के कारण गुप्तेश्वर मंदिर के पास का रास्ता भी पानी में डूब गया। इसके बावजूद कई लोग लापरवाही बरतते हुए डूबी हुई सड़क से होकर आवाजाही करते नजर आए। पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा नहीं होने के कारण ऐसे स्थानों से गुजरना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पानी में डूबी सड़क, पुल या रपटे को पार करने का प्रयास न करें।
सुंड़ी और सांढ़ गांव बने टापू, राहत-बचाव के लिए टीमें तैनात
बारिश के कारण पार्वती नदी के बीचों बीच टापू पर बसा सुंड़ी और चंबल नदी के बीच बसा सांढ़ गांव नदियों में आए उफान के कारण टापू बन गए हैं। दोनों गांवों में 400 से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं। हालांकि, नदी का पानी गांवों तक नहीं पहुंचा है। फिलहाल स्थिति काबू में है। चारों ओर पानी भरने से दोनों गांव टापू जैसे नजर आने लगे हैं। ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित होने के बाद प्रशासन ने मौके पर एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया है। टीमों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
अमराल नदी ने डुबाया रपटा, कई गांवों का संपर्क कटा
अमराल नदी में आए उफान के कारण ज्वालापुर-भीखापुर सहित कई गांवों को जोड़ने वाला नदी पर बना रपटा पानी में डूब गया। रपटा डूबने के बाद इस मार्ग से आवागमन बंद हो गया है। इससे आसपास के गांवों के लोगों को दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। नदी का जलस्तर कम होने तक लोगों को रपटे से दूर रहने की सलाह दी गई है।
जिला जेल के सामने नदी पर बने पुल पर लोगों की आवाजाही रोकने के लिए पुलिस द्वारा की गई बैरिकेडिंग। नईदुनिया
अलर्ट पर पुलिस और प्रशासन की टीमें, नदी-पुलों के आसपास बैरिकेडिंग की
बाढ़ की आशंका और कोई लापरवाही से कोई अप्रिय घटना न हो, यह देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें अलर्ट मोड पर हैं। संवेदनशील क्षेत्रों, नदी किनारे और पुल-पुलियाओं के आसपास बैरिकेडिंग की गई है। अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार स्थिति की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर हालात का जायजा ले रही हैं। एसडीआरएफ को भी आपात स्थिति में तत्काल रेस्क्यू के लिए तैयार रखा गया है।
लगातार हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ने की संभावना है, इसे देखते हुए लोगों से अपील है कि, नदियों के आसपास न जाएं, जहां पुल-पुलियाओं पर पानी है, उन्हें पार करने का जोखिम न उठाएं, बारिश लगातार हो रही है इसे ध्यान में रखते हुए अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखें, हमारी टीमें हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। जहां आवश्यकता है वहां एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। - शीला दाहिमा, कलेक्टर श्योपुर