श्योपुर में घरेलू हिंसा के तीन मामले: तलाक मांगने पर पति से मारपीट, दहेज और खाना खराब बनाने पर विवाहिताओं को पीटा
फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी है।
Publish Date: Tue, 13 Oct 2026 06:37:41 PM (IST)Updated Date: Tue, 13 Oct 2026 06:43:04 PM (IST)
HighLights
- तलाक मांगने पर पति से मारपीट
- खाना खराब बनाने पर प्रताड़ना
- दहेज प्रताड़ना पर एफआईआर
नईदुनिया न्यूज, श्योपुर। वीरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मढ़ा में पति द्वारा तलाक की बात कहने पर विवाद हो गया। आरोप है कि पत्नी ने अपने स्वजन के साथ मिलकर पति के साथ मारपीट कर दी। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी प्रेमसिंह कुशवाह उम्र 26 साल निवासी ग्राम मढ़ा, थाना विजयपुर ने दर्ज शिकायत में बताया कि 9 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे वह अपने घर के सामने था। इसी दौरान तलाक की बात को लेकर उसकी पत्नी मधु कुशवाह, गिर्राज कुशवाह और लक्ष्मी कुशवाह से विवाद हो गया।
आरोप है कि तीनों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर वीरपुर थाना पुलिस ने पत्नी मधु कुशवाह सहित तीनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
खाना अच्छा नहीं बनाने की बात पर विवाहिता से मारपीट
जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लीलधा निवासी विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस से की गई शिकायत में फरियादी अंकिता रावत उम्र 20 साल ने बताया कि, 8 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे खाना अच्छा नहीं बनाने की बात को लेकर पति देशराज रावत, रामहेत रावत और मुट्टो रावत ने उसके साथ गाली-गलौज की। जब विरोध किया तो मारपीट कर दी। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
दहेज को लेकर विवाहिता को किया प्रताड़ित, पति सहित सास-ससुर पर FIR
श्योपुर से सटे मठेपुरा निवासी विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की शिकायत महिला थाने में दर्ज कराई है।
महिला थाना पुलिस को सौपे गये शिकायती आवेदन में पीड़िता मिथलेश माहौर ने बताया कि उसकी शादी 5 दिसंबर 2021 को हरिओम नगर कच्ची बस्ती कोटा निवासी रवि माहौर के साथ हुआ था, शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग छोटी छोटी बातों को लेकर और दहेज कि मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे।
प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति रवि माहौर, ससुर बजरंग लाल माहौर और सास संतोष माहौर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया है।