
नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर। जिले की जैदा कृषि उपज मंडी में ट्रैक्टर-ट्रॉली की अदला-बदली का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक किसान दूसरे किसान का ट्रैक्टर-ट्रॉली अपना समझकर ले गया और करीब 16 घंटे तक उसे लेकर घूमता रहा। जब ट्रैक्टर वापस लौटाया गया तो उसमें रखी धान की मात्रा 6 क्विंटल कम होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित किसान ने मंडी में जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, मंडी परिसर में खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में एक जैसे वाहन होने के कारण किसान ने गलती से दूसरे की ट्रॉली को अपनी समझ लिया और लेकर चला गया। बताया जा रहा है कि दोनों ट्रैक्टर एक जैसे दिखने के कारण यह भ्रम की स्थिति बनी। किसान को अहसास ही नहीं हुआ कि वह दूसरे का वाहन ले जा रहा है।
करीब 16 घंटे बाद जब वह ट्रैक्टर-ट्रॉली वापस लेकर मंडी पहुंचा तो धान की कमी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पीड़ित किसान ने 6 क्विंटल धान गायब होने का आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत की। घटना के बाद मंडी परिसर में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। किसानों ने दोनों पक्षों को बैठाकर सामंजस्य बिठाने का प्रयास किया, लेकिन नाराज किसान मानने को तैयार नहीं हुआ।
जिस किसान का धान से भरा ट्रैक्टर गायब हुआ, उसका आरोप है कि 16 घंटे तक पता ही नहीं चला कि ट्रैक्टर किसका है। ऐसे कैसे कोई भी किसी के ट्रैक्टर को ले जाएगा। अब मामले में जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि धान कम होने की वास्तविक वजह क्या है।