
नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर। कूनो नेशनल पार्क में चीता पुनर्वास अभियान अब एक नए चरण में पहुंच गया है। अफ्रीका से लाकर भारतीय वातावरण में बसाए गए चीतों के संरक्षण के बाद अब वन विभाग का ध्यान उनकी आबादी बढ़ाने और उसके बेहतर प्रबंधन पर है।
विभाग का लक्ष्य वर्ष 2027 के अंत तक भारत में चीतों की संख्या 80 तक पहुंचाना है। इसके लिए प्राकृतिक प्रजनन को बढ़ावा देने के साथ अनुकूल रहवास, पर्याप्त भोजन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
24 नवंबर को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, देश में चीतों की कुल संख्या 59 हो गई है। इनमें से 40 चीतों का जन्म भारत में हुआ है। वर्तमान में कूनो नेशनल पार्क में 53, गांधी सागर अभयारण्य में चार और वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो चीते मौजूद हैं। इससे देश में चीतों की नई पीढ़ी तैयार होने के संकेत मिल रहे हैं। अब वन विभाग की रणनीति उन्हें प्राकृतिक माहौल में पनपने देने की है।
कूनो में चीतों के प्रजनन की संभावनाएं अच्छी दिखाई दे रही हैं। यहां दो वर्ष या उससे अधिक उम्र की 12 मादा चीते मौजूद हैं। इनमें से पांच मादा चीतों ने वर्ष 2026 में शावकों को जन्म दिया है। वहीं, सात अन्य मादा चीतों से भी उनकी प्रजनन क्षमता के आधार पर संतान मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों के अनुमान के अनुसार, करीब 10 मादा चीतों से लगभग 30 नए शावक जन्म ले सकते हैं। हालांकि, यह संभावना उनकी प्रजनन स्थिति पर निर्भर करेगी।
चीतों की संख्या बढ़ाने के साथ शावकों को सुरक्षित बचाना भी वन विभाग के सामने एक बड़ी चुनौती है। अब तक 14 बार में कुल 58 शावकों का जन्म हुआ है। इनमें से 40 ही जीवित रह सके हैं। इस तरह शावकों की जीवित रहने की दर करीब 69 प्रतिशत दर्ज की गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, खुले जंगल में जन्म लेने वाले शावकों के सामने शिकारी जानवरों और प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण जोखिम बना रहता है। ऐसे में उनकी उत्तरजीविता चीतों की आबादी बढ़ाने की योजना का अहम हिस्सा है।
चीतों के पुनर्वास अभियान के शुरुआती दौर में हर चीते की अलग-अलग निगरानी और जरूरत के मुताबिक हस्तक्षेप किया जाता था। अब सैटेलाइट कॉलर और मैदानी निगरानी से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर पूरी आबादी के प्रबंधन पर ध्यान दिया जाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि हर चीते की जरूरत से ज्यादा निगरानी और हस्तक्षेप लंबे समय में मुश्किल पैदा कर सकता है। कई बार ऐसा करना जरूरी भी नहीं होता। इसलिए अब प्रबंधन में प्राकृतिक गतिविधियों को प्राथमिकता देने की रणनीति अपनाई जाएगी।
अनुमान है कि वर्ष 2028-29 तक देश में प्रजनन योग्य मादा चीतों की संख्या करीब 30 तक पहुंच सकती है। ऐसे में कूनो के सामने प्राकृतिक प्रजनन, पर्याप्त शिकार, रहवास की क्षमता और आनुवंशिक विविधता के बीच संतुलन बनाए रखने की चुनौती होगी।
चीतों की बढ़ती आबादी को देखते हुए जरूरत पड़ने पर उन्हें अलग-अलग सुरक्षित स्थलों पर बसाने की योजना भी अहम होगी। वन विभाग के सामने अब लक्ष्य केवल चीतों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि उनके लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण तैयार करना भी है।