श्योपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि। Madhya Pradesh Weather : श्योपुर में सर्दी के सितम से गुरुवार-शुक्रवार की रात पारा इतना लुढ़का कि पौधों पर ओस की बूंदें जमकर बर्फ बन गईं। उधर जंगल में कूनो नदी पर बर्फ की पतली परत जम गई। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज हुआ है।
रात में हाड़ कंपाने वाली सर्दी का असर यह हुआ कि शुक्रवार सुबह जब लोग जागे तो ओस की बूंदें फसलों पर बर्फ की तरह जमी दिखाई दीं। घरों के बाहर जो दोपहिया व चार पहिया वाहन रखे थे उन पर ओस के कारण बर्फ की परत जम गई। कूनो सेंक्चुरी से गुजरने वाली नदी पर बर्फ की पतली परत जम गई।
कूनों सेंक्चुरी प्रबंधन के पास तापमान नापने का कोई यंत्र नहीं, लेकिन वहां घूमने गए पर्यटकों के अनुसार मोबाइल लोकेशन के आधार पर कूनों का तापमान 2 डिग्री रहा। मौसम विभाग श्योपुर के पास बीते 15 साल का ही रिकार्ड मौजूद है, इस रिकार्ड में दिसंबर महीने में 3 डिग्री तापमान कभी भी दर्ज नहीं हुआ।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि क्षेत्र में हुई बारिश के कारण हवा में नमी की मात्रा बढ़ गई है। इस वजह से वातावरण भी ठंडा हो गया है। कोहरा और जम्मू कश्मीर की ओर से आ रही हवा वातावरण को गर्म नहीं होने दे रही है। इससे न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है।
मौसम के जानकारों के मुताबिक शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में आई गिरावट की वजह से रात से ही शीत लहर चलने लगी। जिस वजह से दिन में धूप बेअसर रही। सूर्य अस्त होने के बाद ठंड ने फिर से रफ्तार पकड़ ली। रात में लोगों को अलाव जलाने पड़े। यही स्थिति ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों की रही। प्रदेश में ग्वालियर, श्योपुर, दतिया सबसे ज्यादा ठंडे रहे।
तापमान का यह रहा हाल
ग्वालियर-3.3
शिवपुरी-3
श्योपुर-3
मुरैना-3.7
दतिया-3.1
भिंड-5
बुंदेलखंड
टीकमगढ़-3
छतरपुर-4