
कराहल। आदिवासी विकासखण्ड कराहल की ग्राम पंचायत बाढ़ के रामनगर गांव में बुखार से पीड़ित एक 6 साल की बच्ची ने इलाज के अभाव में दम तोड़ दिया। गांव में अभी भी एक दर्जन से ज्यादा मरीज है। जिन्हें बुखार व खांसी-जुकाम की शिकायत है। गांव में फैली यह बीमारी नदी के गंदे पानी के कारण फैली है। जिसे ग्रामीण पेयजल संकट की स्थिति में पी रहे है।
ग्राम पंचायत बाढ़ के रामनगर गांव निवासी 6 वर्षीय प्रियंका पुत्री ब्रह्मा आदिवासी कई दिनों से बुखार से पीड़ित थी। सही इलाज नहीं मिलने के अभाव में गुरुवार को प्रियंका ने दम तोड़ दिया। गांव में संजय (10) पुत्र नाथिया आदिवासी, बाइसराम (21) पुत्र हजारी आदिवासी, इनूल (8) पुत्र शिशुपाल आदिवासी, आठ माह की अंजलि पुत्री नाथिया आदिवासी, लक्ष्मी (2) पुत्री बाइसराम आदिवासी, हुल्लू (46) पुत्र नवला आदिवासी सहित एक दर्जन मरीज है। जिन्हें बुखार, उल्टी-दस्त व खांसी-जुकाम की शिकायत है। गांव के यह हालत पेयजल संकट के कारण बने हुए है। 40 परिवारों वाले इस गांव में कुल 3 हैंडपंप है। जिस कारण लोग नदी का पानी पी रहे हैं इस कारण गांव में बीमारियां फैल रही है। इसकी शिकायत पर कोई सुन नहीं रहा है।