
श्योपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि
किले के दरवाजे को पुतवाने की बात पर शहर में हंगामा हो गया। दरवाज की पुताई के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने वाले को गिरफ्तार करने की मांग लेकर भाजपा व हिंदू संघटनों ने कोतवाली में हंगामा कर दिया। कोतवाली के बाद जब भाजपा नेता किला स्थित शिव मंदिर जा रहे थे, इस दौरान किले के दरवाजे पर उन पर पथराव हो गया। इसके बाद माहौल गर्मा गया। पथराव में एक युवक घायल हो गया। स्थिति बिगड़ते देख कलेक्टर बसंत कुर्रे व एसपी नागेन्द्र सिंह ने मोर्चा संभाला।
सोमवार को महाशिवरात्रि पर शिव विवाह का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए किला स्थित सोनेश्वर महादेव मंदिर पर शिव बारात जाएगी। इसी के लिए किले के दरवाजे को पुतवाकर उस पर भगवान शिव के बारातियों के स्वागत के लिए वंदन, अभिनंदन लिखवा दिया। बताया गया है कि, दरवाजे की पुताई को पुरातत्व धरोहर से छेड़छाड़ बताकर इसकी शिकायत एसडीपीआई के जिला अध्यक्ष नजम इकबाल ने कोतवाली में कर दी। इसके बाद माहौल गरमा गया। भाजपा के जिला अध्यक्ष डॉ. गोपाल आचार्य, महामंत्री रामलखन हिरनीखेड़ा के साथ विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नजम इकबाल की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली में प्रदर्शन कर दिया। करीब एक घंटे तक कोतवाली में हंगामा चलता रहा। इसके बाद आयोजक, भाजपा नेता व हिंदू संगठनों के सदस्य कोतवाली से किले की ओर भगवान शिव के जयकारों के साथ चल दिए। किले के दरवाजे पर पहुंचते ही उनके ऊपर पत्थर बरसना शुरू हो गया। पथराव के बाद तनाव बढ़ गया। भाजपा व हिंदू संगठनों के सदस्यों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। पथराव में बाथम मोहल्ला निवासी मुकेश शिवहरे घायल हो गया, जिसकी शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली, लेकिन मीडिया को यह नहीं बताया गया कि पथराव की एफआईआर में किन-किन को दोषी बनाया गया है।
समय से पहले दुकानें बंद, तनाव
हर हंगामे और पथराव की खबर पूरे बाजार में आग की तरह फैली। वैसे रविवार होने के कारण आधे से ज्यादा बाजार बंद रहता है। जो दुकानें खुली थी वह इस हंगामे के कारण 07ः30 बजे ही बंद हो गईं। खबर लिखे जाने तक पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय, भाजपा जिला अध्यक्ष आचार्य, सहित कई भाजपा नेता व हिंदू संगठनों के सदस्य कार्रवाई की मांग लेकर थाने पर बैठे रहे। कलेक्टर कुर्रे व एसपी नागेन्द्र सिंह ने रात 08ः30 बजे किला क्षेत्र में खुद भ्रमण कर हालात जाने। एसपी नागेन्द्र सिंह ने कहा कि, पथराव के बाद शांति है।
तो करेंगे बाजार बंद
नजम इकबाल के अलावा इंसाफ कुरैशी व कुछ अन्य पर एफआईआर व गिरफ्तारी की मांग लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि एफआईआर व दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो शिवरात्रि नहीं मनाएंगे। भाजपा नेता रामलखन नापाखेड़ली ने कहा कि, इससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। अगर पुलिस प्रशासन तत्काल दोषियों पर कार्रवाई नहीं करता तो, विरोध प्रदर्शन और बढ़ेगा। भाजपा नेताओं ने कहा कि कल शिव बारात नहीं निकालेंगे। इस पर एसपी ने कहा कि, आयोजन कीजिए प्रशासन पूरी सुरक्षा करेगा।
फोटो : 19, 20
कैप्शन : भाजपा व हिंदू संगठनों के नेताओं से चर्चा करते एसपी-कलेक्टर।
पथराव में घायल हुआ युवक थाने में बेहोश हो गया, तत्काल अस्पताल पहुंचाया।