श्योपुर के कांग्रेस विधायक की मदद करने कोतवाली पहुंचे भाजपा नेता, बोले- अश्लील वीडियो मामले में हम कराएंगे कार्रवाई
कोतवाली थाने पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता रामलखन नापाखेड़ली ने कहा, विधायक श्योपुर के नागरिक हैं और श्योपुर के किसी भी नागरिक के साथ हम गलत नहीं होने देंगे।
Publish Date: Wed, 04 Nov 2026 09:40:43 PM (IST)Updated Date: Wed, 04 Nov 2026 09:46:50 PM (IST)
कोतवाली थाने पर विधायक के आवेदन को दिखवाने पहुंचे भाजपा नेता रामलखन नापाखेड़ली व अन्य।HighLights
- भाजपा के वरिष्ठ नेता रामलखन नापाखेड़ली थाने पहुंचे
- हम विधायक की मदद करने कोतवाली थाने पर आए हैं
- फिर से जिले भर में कांग्रेस विधायक पर लगे आरोपों की चर्चा शुरू
नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर। हमारे श्योपुर के विधायक बाबू जंडेल पर महिला द्वारा संगीन आरोप लगाकर वीडियो वायरल करने वाले आरोपितों के खिलाफ शिकायत के बाद भी अगर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, तो हम विधायक की मदद करेंगे और उन पर एफआईआर कराएंगे।
कोतवाली थाने में हमने पता कराया है, तो वहां विधायक का आवेदन नहीं आया है। अगर उन्होंने पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया है तो 20 दिन में वह फारवर्ड होकर कोतवाली में पहुंच जाता, हम देहात थाने में भी विधायक के आवेदन को दिखवाएंगे ताकि, विधायक की मदद कर सकें।
भाजपा के वरिष्ठ नेता रामलखन नापाखेड़ली थाने पहुंचे
बुधवार की शाम कोतवाली थाने पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता रामलखन नापाखेड़ली ने थाने से वीडियो बनाकर यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि अश्लील वीडियो वायरल करने वाले ने विधायक को आपत्तिजनक हालत में दिखाया था, लेकिन महिला को ब्लर कर दिया। उसने यह करके सभ्यता का परिचय दिया।
हम विधायक की मदद करने कोतवाली थाने पर आए हैं
विधायक ने उस वीडियो को उनकी छवि खराब करने के लिए एआई से तैयार किया गया वीडियो बताया था। 20 दिन पहले उन्होंने बयान दिया था कि वह उन्हें बदनाम करने की साजिश करने वालों को छोड़ेंगे नहीं। विधायक श्योपुर के नागरिक हैं और श्योपुर के किसी भी नागरिक के साथ कुछ भी गलत होता है, तो हम ऐसा नहीं होने देंगे।
इसलिए हम विधायक की मदद करने कोतवाली थाने पर आए हैं, ताकि उन्हें बदनाम करने वालों पर सख्त कार्रवाई करा सकें।
फिर से जिले भर में कांग्रेस विधायक पर लगे आरोपों की चर्चा शुरू
भाजपा नेता नापाखेड़ली ने यह बयान कांग्रेस विधायक के आपत्तिजनक वीडियो के मामले को ठंडा पड़ता देख दिया है। इसे लेकर एक बार फिर से कांग्रेस विधायक पर लगे संगीन आरोपों की चर्चा जिले भर में होने लगी है। सवाल उठ रहे हैं कि अगर वीडियो एआई से बनाया गया था, तो विधायक ने पुलिस अधिकारियों से मामले की शिकायत क्यों नहीं की है।
यह भी पढ़ें- दो साल तक ब्लैकमेल कर करता रहा दुष्कर्म, डीएनए साक्ष्य के आधार पर ग्वालियर पॉक्सो कोर्ट ने सुनाई 10 साल की सजा