श्योपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि
राजस्थान से आ रही पश्चिमी हवा की रफ्तार में बढ़ोत्तरी होते ही गर्मी का असर भी तेज हो गया। रविवार को तेज गर्मी का अहसास हुआ और दोपहर में लोग पसीने में डूबे नजर आए। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में अब तेजी से तापमान में बढ़ोत्तरी की संभावना जताई है।
हालांकि अगले 24 घंटे पश्चिमी विक्षोभ के चलते तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव का दौर बना रहेगा। इसके बाद तेजी से तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को मौसम का मिजाज गर्म हो गया। सुबह से ही तेज धूप रही। धूप तेज होने से दिनभर लोग गर्मी से परेशान रहे। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते 24 घंटे तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बना रहेगा। लेकिन इसके बाद तेजी से तापमान बढ़ेगा। राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवा भी 14 से 19 किमी तक की रफ्तार से चलेगी। ऐसे में लोगों को लू का अहसास अलगे सप्ताह से शुरु हो जाएगा। मौसम विभाग की मानें तो गमी का असर तेजी से इतना अधिक बढ़ेगा कि इसी सप्ताह तापमान 43 डिग्री को पार कर सकता है। यही नहीं रात के तापमान में भी 2 डिग्री तक की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। बता दें कि शनिवार को एक दिन पहले अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
पिछले साल से अधिक है गर्मी
इन दिनों पिछले साल से अधिक तापमान बना हुआ है, जबकि अनुमान लगाया जा रहा था कि इस बार कम गर्मी पड़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार पिछले साल 18 अप्रैल को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था, लेकिन इस बार 18 अप्रैल को अधिकतम 40 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री दर्ज किया गया गा। यानी दिन का तापमान 3 डिग्री अधिक है।