- मंडी सचिव ने किसानों को माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर किया धान खरीदी का शुभारंभ, पहले दिन 200 क्विंटल धान व्यापारियों ने खरीदी।
श्योपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि
श्योपुर मंडी में करीब दो दशक बाद फिर धान की खरीदी शुरू हो गई है। सोमवार को लगभग एक दर्जन किसान मंडी में धान बेचने पहुंचे। मंडी सचिव शिवप्रताप सिंह सिकरवार ने किसानों को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर खरीदी का शुभारंभ किया। पहले दिन कोटा मंडी से भी अधिक रेट में किसानों का धान बिका, जिससे किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
गौरतलब है कि, श्योपुर में धान की बंपर पैदावार होने के बाद भी धान खरीदी के लिए कोई व्यापारी नहीं थे। इसलिए किसानों को धान बेचने के लिए कोटा मंडी राजस्थान जाना पड़ता था। पिछले दो दशक से किसानों को यह परेशानी उठानी पड़ रही थी। नईदुनिया ने किसानों की इस समस्या को उठाया इसके बाद मंडी प्रशासन ने हरिणाया के दो बड़े धान कारोबारियों से संपर्क किया। हरियाणा के चौधरी ट्रेडर्स एवं गणेश ट्रेडिंग कंपनी ने श्योपुर में धान खरीदी के लिए लाइसेंस लेकर 18 नवम्बर से धान खरीदी करने की बात कही। मंडी प्रबंधन ने धान खरीदी के लिए गांव-गांव में पर्चे बंटवाकर किसानों को सूचना दी। सोमवार को पहले सुबह 10ः45 बजे खरीदी कार्य का शुरूआत की गई। शुभारंभ अवसर पर 12 किसान मंडी में धान बेचने पहुंचे जिनका मंडी प्रशासन की ओर से स्वागत किया गया। पहली ट्रोली गुरूप्रीत सिंह सरदार निवासी शंकरपुर की 2501 रुपए भाव में बिकी। कोटा राजस्थान से अधिक भाव मिलने पर किसानों के चेहरों पर खुशी साफ दिखी। खरीद कार्य के शुभारंभ अवसर पर मंडी निरीक्षक गोकुल बाथम, सहायक निरीक्षक मायाराम शर्मा, स्टोर प्रभारी केपी सिंह चौहान, गिर्राज गोयल, रामरतन जगनेरी, नरेश शर्मा सहित मंडी कर्मचारी मौजूद रहे।
पहले दिन हुई 202 क्विंटल धान की खरीदी
श्योपुर मंडी में सोमवार से शुरू हुई धान की खरीदी के पहले दिन 12 किसान मंडी फसल बेचने पहुंचे। जिसमें एक किसान ने अपना पर्चा निरस्त करवा लिया। जिसके चलते 11 किसानों से 202 क्विंटल धान की खरीदी की गई। जिन व्यापारियों ने धान की खरीदी की है उमसे में हरियाणा की चौधरी ट्रेडिंग कंपनी, श्री गणेश ट्रेडिंग कंपनी के अलावा श्योपुर की आईव्ही इण्डस्ट्रीज, नंदनी ट्रेडिंग कंपनी, श्रीराम एग्रो कंपनी के के व्यापारियों ने बोली लगाकर धान की खरीदी की। उधर मंडी प्रशासन का कहना है कि, किसानों को बाहर की मंडी में धान बेचने न जाना पड़े वह उपज का सही दाम मिले इसके लिए और भी व्यापारियों से बात की जा रही है।
कोटा से 200 रुपए क्विंटल ज्यादा भाव
सोमवार को राजस्थान के बारां व कोटा में धान के भाव न्यूनतम और अधिकतम रुपए क्विंटल थे, वहीं श्योपुर मंडी में किसानों को धान का न्यूनतम भाव 2155 और अधिकतम 2501 रुपए क्विंटल दिया गया। यानी राजस्थान की मंडियों से 200 रुपए क्विंटल के भाव में श्योपुर में ही धान बिका। पहले धान की फसल बेचने आए गुवाड़ी गांव के किसान अमजद खान को 2155, महावीर 2170, धर्मराज को 2245, बिलबाड़िया के कन्हैयालाल को 2475, जैदा के रामदयाल 2473, शंकरपुर गुरूप्रीत सिंह 2501, जगतार सिंह 2501 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब में खरीदी गई।
वर्जनः
- सोमवार से मंडी में धान की खरीदी शुरू हो गई है। पहले दिन एक दर्जन करीब किसान मंडी धान बेचने आए। जिनको राजस्थान की मंडियों से अच्छा भाव मिला। श्योपुर में मंडी धान की फसल बेचकर खुश नजर आए। हरियाणा के व्यापारियों के अलावा श्योपुर के व्यापारियों ने धान खरीदी की। हम और भी व्यापारियों से बात कर रहे हैं, जिससे अधिक धान की खरीद हो सके।
शिवप्रताप सिंह सिकरवार
सचिव, कृषि उपज मंडी समिति श्योपुर (फोटो : 13)
फोटोः 12
कैप्शनः किसानों को माला पहनाकर धान खरीदी कार्य का शुभारंभ करते मंडी सचिव।