कूनो के खुले जंगल में चुनौतियों के बीच पलेंगे मादा चीता केओएमजी-3 के चार शावक, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
यदि ये शावक शुरुआती पांच-छह महीने की चुनौतियां पार कर लेते हैं तो कूनो में स्वतंत्र रूप से जीवित रहने वाली चीतों की पीढ़ी तैयार करने की दिशा में यह उपलब्धि होगी।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 09:00:19 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 09:00:47 AM (IST)
बोत्सवाना से लाई गई चीता से जन्मे चार शावक। नईदुनिया आकाईवHighLights
- बाड़े के बजाय खुले जंगल में पलेंगे शावक
- तेंदुओं के खतरे के बीच वन अमला सतर्क
- देश में चीतों की संख्या बढ़कर हुई 62
दीपक दंडौतिया, नईदुनिया, श्योपुर। कूनो के खुले जंगल में 20 नवंबर को जन्म लेने वाले मादा चीता केओएमजी-3 के चारों शावकों को हिंसक जानवरों के बीच जीवित रहना सीखना होगा। यह प्रकृति का नियम है और उनके सामने जिंदगी की पहली व सबसे कठिन चुनौती है। शावकों को बाड़े में सुरक्षित ढंग से बड़ा करने के बजाय प्राकृतिक परिस्थितियों में विकसित होने देने की रणनीति अपनाई गई है।
यदि ये शावक शुरुआती पांच-छह महीने की चुनौतियां पार कर लेते हैं तो कूनो में स्वतंत्र रूप से जीवित रहने वाली चीतों की पीढ़ी तैयार करने की दिशा में यह उपलब्धि होगी।
चार महीने से खुले जंगल में रह रही थी मादा चीता
इन्हें जन्म देने वाली मादा चीता बोत्सवाना से लाई गई है। वह चार महीने से खुले जंगल में रह रही थी। इस दौरान उसका भारतीय परिस्थितियों में ढलना और फिर प्राकृतिक परिवेश में प्रजनन करना प्रोजेक्ट चीता के लिए उपलब्धि है। प्रसव के कुछ समय बाद मां को शिकार की तलाश में जाना पड़ता है। कूनो में तेंदुए शावकों के लिए खतरा बन सकते हैं। वन विभाग की टीमें निश्चित दूरी बनाकर मां और शावकों पर नजर रख रही हैं, ताकि चीता शावकों को लेकर असुरक्षित महसूस न करे। जंगल में शावकों के जन्म का यह दूसरा मामला है। 11 अप्रैल को जन्मे चार शावक मृत मिले थे। उन पर तेंदुए के हमले की आशंका थी।
बाड़े से बाहर प्राकृतिक आबादी तैयार करने की दिशा में कदम
दरअसल, प्रोजेक्ट चीता का दीर्घकालिक उद्देश्य ऐसी आबादी तैयार करना है जो भारतीय जंगलों में स्वतंत्र रूप से रह सके, शिकार कर सके और अपनी अगली पीढ़ी को भी प्राकृतिक परिस्थितियों में बड़ा कर सके। इसलिए केओएमजी-3 के चारों शावकों का जंगल में जीवित रहना विशेष महत्व रखता है। भारत में चीतों की संख्या इन चार शावकों के जन्म के बाद 62 हो गई है, जिनमें 43 भारत में जन्मे हैं। अब इन चार शावकों का जंगल में सुरक्षित बड़ा होना प्रोजेक्ट चीता की सफलता का अगला महत्वपूर्ण पड़ाव होगा।
चीता ने खुले जंगल को खुद चुना है। वह अपने बच्चों की देखरेख अच्छी तरह से कर रही है। जब मादा चीता शिकार के लिए बच्चों से दूर जाती है, तब हमारी टीमें चौकन्नी होकर शावकों पर नजर रखती हैं। इंसानी गंध के कारण तेंदुआ आसपास नहीं आता, खुले जंगल की चुनौती को कभी न कभी तो उठाना ही था। शावक सफल हुए तो कूनो में चीतों की बेहतरीन ब्रीड तैयार होगी। - डॉ. समीता राजौरा, पीसीसीएफ, वन्य जीव, मध्य प्रदेश