पर्यटन को बढ़ावा: तीन राज्यों के हाईवे पर लगेंगे चीते वाले साइन बोर्ड, कूनो पहुंचना होगा आसान
पर्यटन को बढ़ावा देने की इस पहल के अंतर्गत ऐसे स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं, जहां से बड़ी संख्या में लोग दूसरे शहरों और पर्यटन स्थलों की ओर आवागमन करत...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 27 Sep 2026 07:37:47 PM (IST)Updated Date: Sun, 27 Sep 2026 07:38:23 PM (IST)
मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के प्रमुख मार्गों पर लगाए जाएंगे चीते के फोटो वाले इस तरह के सांकेतिक बोर्ड। सौजन्य: अपर कलेक्टर रुपेश उपाध्याय।HighLights
- प्रमुख हाईवे पर लगेंगे बोर्ड
- सुविधा सेंटर भी होंगे तैयार
- ऑनलाइन टिकट सुविधा मिलेगी
नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर। कूनो नेशनल पार्क में चीतों की मौजूदगी अब बाहर से पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करने के साथ उनकी राह भी आसान करेगी। मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों के मार्गों पर चीते की तस्वीर वाले सांकेतिक बोर्ड लगाए जाएंगे।
इन पर कूनो नेशनल पार्क की दूरी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाएगी। उद्देश्य इन शहरों से गुजरने वाले यात्रियों और पर्यटकों को कूनो की जानकारी देना है ताकि वे वन्यजीव पर्यटन के लिए मध्य प्रदेश में श्योपुर की ओर आसानी से रुख कर पाएं।
पर्यटन को बढ़ावा देने की इस पहल के अंतर्गत ऐसे स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं, जहां से बड़ी संख्या में लोग दूसरे शहरों और पर्यटन स्थलों की ओर आवागमन करते हैं। इनमें राजस्थान में कोटा, सवाईमाधोपुर और जयपुर, उत्तर प्रदेश के झांसी, मध्य प्रदेश में ग्वालियर, गुना, मुरैना, शिवपुरी सहित अन्य प्रमुख शहरों के हाईवे और नेशनल हाईवे को इसके लिए चुना गया है। चयनित स्थानों पर जल्द ही संकेतक स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
आकर्षक प्रवेश द्वार, टिकट विंडो व पर्यटक सुविधा सेंटर बनाया जाएगा
- श्योपुर के अपर कलेक्टर रुपेश उपाध्याय ने बताया कि कूनो के टिकटोली और अहेरा गेट को और आकर्षक बना रहे हैं।
- पर्यटकों के भ्रमण को और आसान बनाने के लिए टिकट विंडो, पर्यटक सुविधा सेंटर भी विकसित किए जा रहे हैं।
- श्योपुर जिले के प्रमुख मार्गों पर भी कूनो के साथ-साथ आसपास के शहरों के प्रमुख पर्यटन केंद्रों की दूरी और नाम वाले साइन बोर्ड बनाए जाएंगे, इनमें सवाईमाधोपुर का रणथंभौर नेशनल पार्क की दूरी, चंबल सफारी, देवखो सहित अन्य पर्यटन केंद्रों की दूरी को प्रदर्शित किया जाएगा। ऑनलाइन विंडो टिकट भी उपलब्ध कराई जाएगी।