श्योपुर में अवैध रेत माफिया का हमला, वन विभाग की टीम पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास, दो गार्ड घायल; ड्राइवर सहित दो को पकड़ा
पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कर दो को गिरफ्तार भी कर लिया है।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 07:51:12 AM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 07:52:00 AM (IST)
वन विभाग टीम पर बड़ी लकड़ी से हमला करता हुआ आरोपी। वीडियोग्रेबHighLights
- हाईवे पर रेत खाली कर भागने की कोशिश
- लकड़ी और पत्थरों से हमला, वीडियो रिकॉर्ड
- पांच नामजद आरोपियों पर केस, दो गिरफ्तार
नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर। चंबल नदी के रेत का अवैध परिवहन कर रहे माफिया पर गुरुवार दोपहर कार्रवाई करने पहुंची राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य (घड़ियाल) विभाग की टीम पर माफिया ने हमला कर दिया। फोरेस्ट गार्ड रामलखन गुर्जर और महेश बघेल घायल हो गए। पुलिस ने रात में इस मामले में पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कर दो को गिरफ्तार भी कर लिया है।
एनएच 552 पर मोरडूंगरी नदी पर बने पुल का मामला
मामला श्योपुर के एनएच 552 पर मोरडूंगरी नदी पर बने पुल के आसपास का है। राष्ट्रीय चंबल अभ्यारण विभाग के गेमरेंज आफिसर सोमेश शर्मा टीम के साथ चंबल नदी से की जा रहे रेत के अवैध परिवहन की शिकायत पर कार्रवाई करने के लिए पहुंचे। सामने की ओर से तेज रफ्तार में रेत से भरे हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली आते दिखाई दिए। रेजर ने टीम के साथ पीछा करना शुरु किया। माफिया ने दबंगई दिखाते हुए चलते हुए ट्रैक्टर ट्रॉली का प्रेशर उठाकर ट्राली से रेत को हाईवे पर खाली कर दिया। कई बार कट मारकर गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश की।
मामले की वीडियो रिकॉर्ड
नजदीक पहुंचने पर एक माफिया ने बड़ी सी लकड़ी लेकर वन विभाग की टीम पर ट्रैक्टर के ऊपर खड़ा होकर वार करने लगा और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को भगाकर ले गए। पूरे मामले का वीडियो राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य विभाग की टीम ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया। घायल हुए वनकर्मियों का श्योपर के जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
नहीं हुआ कॉल रिसीव
वन विभाग की टीम ने 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत की है। इस मामले में कोतवाली थाना टीआई सत्यमसिंह गुर्जर को दो वार कॉल किए लेकिन, उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किए।
रेत से भरे ट्रैक्टरों का पीछा करने पर पांच आरोपियों ने टीम पर हमला किया है, ट्रैक्टर चढ़ाने का कई वार प्रयास भी किया, पथराव और लाठियों से हमला भी किया गया, इस हमले में हमारे दो फोरेस्ट गार्ड घायल हुए हैं, हम मामले की शिकायत करने के लिए ढाई बजे से कोतवाली थाने पर पहुंच गए लेकिन, रात्रि 8 बजे तक हमारी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। - सोमेश शर्मा, गेमरेंज ऑफिसर, राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य विभाग, सबलगढ़।