श्योपुर के हीरापुरा गांव में दबंगों के कब्जे से मुख्य रास्ता बंद, कीचड़ भरे मार्ग से निकालने को मजबूर अर्थी
ग्रामीणों ने इस बदहाली के लिए सरकारी रास्ते और जल निकासी के नाले पर कथित अतिक्रमण को जिम्मेदार ठहराया है।
Publish Date: Sun, 15 Nov 2026 10:32:37 AM (IST)Updated Date: Sun, 15 Nov 2026 10:33:32 AM (IST)
कीचड़ से सने रास्ते से अर्थी लेकर गुजरते हुए ग्रामीण और ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीण। नईदुनियाHighLights
- नाला बंद होने से रास्ते पर जलभराव
- शवयात्रा और स्कूली बच्चों को परेशानी
- तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर मांग
नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर-विजयपुर। गांव में किसी घर से अर्थी उठती है तो स्वजन को अपनों को खोने का गम तो होता ही है, लेकिन अंतिम विदाई के लिए भी उन्हें कीचड़ और गंदे पानी से जूझना पड़ता है। यह दर्दनाक स्थिति जनपद पंचायत विजयपुर की ग्राम पंचायत गोपालपुर के हीरापुरा गांव की है। यहां करीब 200 फीट लंबे मुख्य रास्ते पर गंदा पानी भरा होने से ग्रामीणों का आवागमन दूभर हो गया है।
हालात यह हैं कि स्कूली बच्चों से लेकर किसानों तक को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इस बदहाली के लिए सरकारी रास्ते और जल निकासी के नाले पर कथित अतिक्रमण को जिम्मेदार ठहराया है।
नाले को खेतों में मिलाकर पानी का प्राकृतिक बहाव रोका
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों ने सरकारी जमीन और पानी निकासी के नाले पर कब्जा कर लिया है। नाले को खेतों में मिलाकर पानी का प्राकृतिक बहाव रोक दिया गया। इतना ही नहीं, पूर्व सरपंच द्वारा बनवाई गई आरसीसी नाली और रपटे को बैकहो लोडर(जेसीबी) से तुड़वा दिया गया। ग्रामीणों के मुताबिक, रपटे पर मिट्टी और कचरा डालकर बाउंड्रीवाल व चबूतरे बना लिए गए हैं। इससे जल निकासी का रास्ता बंद हो गया और करीब 200 फीट का मुख्य मार्ग गंदे पानी से लबालब हो गया।
न बस पहुंचती, न ट्रैक्टर निकल पाते
रास्ते की दुर्दशा ने गांव की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। बच्चों को स्कूल जाने के लिए गंदे पानी और कीचड़ के बीच से गुजरना पड़ता है। किसानों को खेतों तक ट्रैक्टर और कृषि उपकरण ले जाने में दिक्कत होती है। शादी-विवाह जैसे आयोजनों में बस और ट्रक गांव के भीतर तक नहीं पहुंच पाते। सबसे पीड़ादायक स्थिति किसी ग्रामीण की मृत्यु होने पर बनती है, जब शवयात्रा को भी इसी कीचड़ भरे रास्ते से निकालना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि मूलभूत सुविधा के अभाव में उनका जीवन मुश्किल हो गया है।
ज्ञापन दिखाते ग्रामीण। नईदुनिया
फिर से तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
लंबे समय से समस्या झेल रहे ग्रामीणों ने अब प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। बड़ी संख्या में विजयपुर तहसील कार्यालय पहुंचे लोगों ने तहसीलदार मस्तराम गुर्जर को ज्ञापन सौंपकर सरकारी नाले और रास्ते से अतिक्रमण हटाने की मांग की। साथ ही क्षतिग्रस्त आरसीसी नाली एवं रपटे की मरम्मत कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग उठाई।
मुख्य रास्ते पर घुटनों तक गंदा पानी और कीचड़ भरा है। बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है। गांव में किसी की मौत होने पर अर्थी निकालना तक चुनौती बन जाता है। प्रशासन जल्द पानी निकासी की व्यवस्था करे और सरकारी रास्ते व नाले से अतिक्रमण हटवाए। - रामदीन कुशवाह, हीरापुरा।
राजस्व विभाग और पंचायत की संयुक्त टीम जल्द ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करेगी। जांच में अतिक्रमण पाए जाने पर उसे हटाने और पानी निकासी सुचारू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - मस्तराम गुर्जर, तहसीलदार विजयपुर, जिला श्योपुर।