कूनो नेशनल पार्क के दो चीते राजस्थान के जंगलों में पहुंचे, बाघों के इलाके में बढ़ाई गई वन विभाग की निगरानी
इस क्षेत्र में बाघ और तेंदुओं का भी विचरण होता है।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 02:35:04 PM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 02:35:28 PM (IST)
कूनो के जंगल में आराम की मुद्रा में चीता। फाइल फोटो- कूनो प्रबंधनHighLights
- राजस्थान पहुंचे कूनो के दो चीते
- करणपुर रेंज में पहली बार मौजूदगी
- बाघ और तेंदुओं का भी है डेरा
नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर। कूनो नेशनल पार्क के चीतों ने राजस्थान के जंगलों में भी अपना विचरण क्षेत्र बढ़ा लिया है। करौली जिले की करणपुर रेंज में कूनो के दो नर चीते केजीपी-3 और केओएमजी-4 पहुंच गए हैं। खास बात यह है कि इस क्षेत्र में बाघ और तेंदुओं का भी विचरण होता है। ऐसे में एक ही जंगल में तीन बड़े शिकारी वन्यजीवों की मौजूदगी से निगरानी की चुनौती बढ़ गई है।
लोकेशन कानारदा क्षेत्र में भी की गई दर्ज
केजीपी-3 पहले मंडरायल से आगे बढ़कर करणपुर पहुंचा था। वहीं केओएमजी-4 ने 10 नवंबर को गोटा घाट के रास्ते चंबल नदी पार की और महाराजपुर नाका होते हुए करणपुर रेंज में प्रवेश किया। उसकी लोकेशन कानारदा क्षेत्र में भी दर्ज की गई है।
एक रेंज में पहली बार दो चीते
राजस्थान की किसी एक रेंज में पहली बार कूनो के दो चीते एक साथ विचरण कर रहे हैं। दोनों नर हैं। इनके साथ रहने या अलग-अलग विचरण करने की स्थिति स्पष्ट करने के लिए वन विभाग उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है। बाघ और तेंदुओं की मौजूदगी के बीच शिकार और क्षेत्र को लेकर प्रतिस्पर्धा की आशंका भी है। कूनो के डीएफओ आर. थिरुकुराल के अनुसार, राजस्थान में दो चीते मौजूद हैं। करौली के इतने नजदीक एक साथ दो चीतों की मौजूदगी पहली बार दर्ज हुई है।