कूनो नेशनल पार्क से नौरादेही टाइगर रिजर्व विदा होंगे 2 चीते: 425 किमी का तय करेंगे सफर, सीएम जंगल में करेंगे रिलीज
कूनो प्रबंधन के अधिकारियों ने चीतों को नौरादेही ले जाने की सारी तैयारियां को पूरा कर लिया था। बुधवार को अल सुबह चीतों को ट्रेंकुलाइज किया जाएगा।
Publish Date: Tue, 06 Oct 2026 07:12:33 PM (IST)Updated Date: Tue, 06 Oct 2026 07:12:53 PM (IST)
HighLights
- नौरादेही बनेगा चीतों का तीसरा घर
- नर 'थोलो' और मादा 'सीसीबी-3' का होगा ट्रांसफर
- 7-8 घंटे का रहेगा कूनो से नौरादेही का सफर
नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर। कूनो नेशनल पार्क से बुधवार को एक नर और मादा सहित 2 चीतों को वीरांगना रानी दुर्गावती टायगर रिजर्व (नौरादेही) के लिए विदा किया जाएगा। कूनो प्रबंधन के अधिकारियों ने चीतों को नौरादेही ले जाने की सारी तैयारियां को पूरा कर लिया था। बुधवार को अल सुबह चीतों को ट्रेंकुलाइज किया जाएगा।
इलके बाद सुबह करीब 07 बजे दोनों चीतों को बंद गाडियों के द्वारा नौरादेही ले जाया जाएगा। चीता कूनो के टिकटोली गेट से होते हुए सेसईपुरा से शिवपुरी, झांसी हाईवे होते हुए नौरादेही ले जाया जाएगा। कूनो से करीब 425 किलोमीटर लंबा सफर तय करने के बाद अपरान्ह 03 से 04 बजे के बीच कूनो की टीम चीतों को लेकर नौरादेही पहुंचेंगी।
नौरादेही चीतों का बनने जा रहा है तीसरा घर
यहां बता दें कि, कूनो और गांधी सागर नेशनल पार्क के बाद अब नौरादेही चीतों का तीसरा घर बनने जा रहा है। चीता संचालन समिति ने निर्णय लेकर 4 चीतों को नौरादेही में शिफ्ट करने की सहमति दी है. इसके बाद आज नर चीता थोलो और ममादा चीता सीसीबी-3 को कूनो से नौरादेही विदा किया जाएगा। इसके लिए कूनो प्रबंधन के अधिकारी चीतों को ले जाने वाले रुट से लेकर गाडी व अन्य इंतजाम कर चुके है।
सफर रहेगा 7-8 घंटे का
चीतों का कूनो से नौरादेही का यह सफर करीब 7-8 घंटे का रहेगा। चीतों को नौरादेही ले जाने वाली टीमों में कूनो प्रबंधन के अधिकारियों से लेकर डॉक्टर और अन्य वनकर्मी शामिल रहेंगे। कूनो नेशनल पार्क के सीसीएफ उत्तम शर्मा के द्वारा जानकारी दी गई है कि, आज सुबह करीब 07 बजे दोनों चीतों को लेकर वह टिकटोली गेट से रवाना होंगे।