
श्योपुर। घर के आंगन में शव रखा था। शव के चारों ओर परिजन, बस्तीवाले और रिश्तेदार विलाप कर रहे थे। कुछ लोग घर के दरवाजे पर अर्थी तैयार कर चुके थे और शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान ले जाने ही वाले थे कि शव में अचानक हरकत हुई। हाथ-पैर हिलने लगे, सांसे तेज-तेज चलने लगीं और अर्थी पर रखा मुर्दा उठकर बैठ गया।
यह कोई कहानी या हॉरर फिल्म का सीन नहीं, बल्कि बुधवार को श्योपुर के कुम्हार मोहल्ला में हुई सत्य घटना है। जहां एक 95 साल की महिला की मौत के बाद फिर सांसें लौट आईं। लेकिन ढाई घंटे के लिए। पूरे परिवार के साथ चाय-नाश्ता किया और ढाई घंटे बाद बुजुर्ग महिला की हमेशा के लिए धड़कन रुक गई।
शहर के वार्ड क्रमांक 17 स्थित कुम्हार मोहल्ले में रहने वाली 95 वर्षीय हीराबाई पत्नी रामगोपाल प्रजापति की मौत बुधवार की सुबह 7 बजे हो गई। इसके बाद घर में चीख-पुकार और रोना शुरू हो गया। परिजनों ने नाते-रिश्तेदारों को हीराबाई की मौत की जानकारी दी।
इसके कुछ देर बाद ही नाते-रिश्तेदार आए तो परिजनों का विलाप और तेज हो गया। रिश्तेदार एवं बस्तीवाले महिला के अंतिम संस्कार की तैयारी कर चुके थे। चिता की लकड़ियां श्मशान में पहुंचा दी गईं। चूंकि महिला 95 साल की उम्र में गुजरी थी इसलिए परिजनों ने अंतिम यात्रा के लिए बैंड-बाजे तक बुला लिए थे।
15 दिनों से नहीं खाया था खाना
वृद्घ महिला हीराबाई के पोते रोशन प्रजापति के अनुसार मौत के बाद जिंदा हुई उनकी दादी ने बीते 15 दिनों से भोजन नहीं किया था। खाना नहीं खाने के कारण कमजोर थी और वह चलने-फिरने में असमर्थ थी। फिर भी परिजन उन्हें पानी व दूध दे दिया करते थे।
बुधवार को भी मरने के बाद जिंदा हुई हीरा बाई ने चाय-नाश्ता किया, लेकिन ढाई घंटे बाद उनकी फिर से मौत हो गई। महिला न तो बोल सकती थी और न ही सुन सकती थी। इसलिए वह परिजनों को कुछ भी नहीं बता सकी।
डेढ़ घंटे बाद जी उठी और ढाई घंटे बाद फिर मर गई
सुबह 07 बजे दम तोड़ चुकी हीराबाई की अंतिम यात्रा शुरू होने वाली ही थी कि डेढ़ घंटे बाद 8ः30 बजे मृत हीराबाई की सांसें चल उठीं। परिजन सहित नाते-रिश्तेदार हक्के-बक्के रह गए। इसे ईश्वर का चमत्कार मानकर परिजन व नाते-रिश्तेदारों ने की गई तैयारियों को कैंसिल किया और सब वृद्घ महिला की सेवा में जुट गए।
इतना ही नहीं मरने के बाद जिंदा हुई महिला हीराबाई ने बेटे, बेटी और नाती-पोतों के साथ चाय-नाश्ता किया। कुछ देर पहले रो रहे लोग खुथ थे, लेकिन ढाई घंटे बाद यानी 11 बजे महिला की तबियत फिर बिगड़ी और झटके के साथ उसके प्राण निकल गए। परिजनों को लगा कि हीराबाई फिर उठेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अंत में दोपहर 2 बजे महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया।