शिवपुरी हाईवे पर दौड़ती कार बनी आग का गोला, सूझबूझ से बची 2 लोगों की जान; जलकर खाक हुई गाड़ी
शिवपुरी समाचार: कार से लपटें उठती देख चालक ने तुरंत सड़क किनारे गाड़ी रोकी। कार में सवार दोनों लोग बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई।
Publish Date: Fri, 11 Sep 2026 06:52:16 PM (IST)Updated Date: Fri, 11 Sep 2026 07:11:03 PM (IST)
हाईवे पर जलती कार। वीडियोग्रैबHighLights
- चलती कार में अचानक उठीं लपटें
- ग्वालियर से इंदौर जा रहे थे दोनों सवार
- पुलिस ने संभाला ट्रैफिक, पाया आग पर काबू
नईदुनिया प्रतिनिधि शिवपुरी। सुभाषपुरा थानांतर्गत गुरुवार रात एनएच-46 पर भैंसोंरा गांव के पास सड़क पर दौड़ रही एक कार में आग लग गई। कार से लपटें उठती देख चालक ने तुरंत सड़क किनारे गाड़ी रोकी। कार में सवार दोनों लोग बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में वह जलकर खाक हो गई।
ग्वालियर से कार इंदौर की तरफ जा रही थी
जानकारी के अनुसार ग्वालियर से एक कार इंदौर की तरफ जा रही थी। कार में ग्वालियर निवासी प्रेम गुप्ता उम्र 26 साल व देव करारा सवार थे। बताया जा रहा है कि दोनों चिकित्सा से जुड़ा सामान लेकर इंदौर जा रहे थे। रात करीब 8 बजे जब वह भैंसोंरा गांव के पास पहुंचते, तभी अचानक कार से आग की लपटें निकलने लगीं।
खतरा देखते हुए चालक ने कार रोकी और दोनों लोग तुरंत बाहर आ गए। कुछ ही देर में आग जलकर खाक हो गई।
राहगीरों ने कार के फोटो-वीडियो भी बनाकर इंटरनेट मीडिया पर साझा किए। लोगों का कहना है कि कार में कुछ ब्लास्ट होने की आवाजें भीआ रही थीं। पुलिस ने फिलहाल मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस ने दूसरी लेन पर शिफ्ट कराया ट्रैफिक
आग की सूचना मिलते ही सुभाषपुरा थाना प्रभारी अरविंद चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हाईवे पर आग लगी कार के कारण यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस ने वाहनों को दूसरी लेन से निकाला। पुलिस ने मोहना से फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया। फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।