शिवपुरी में शादी से लौटते समय कॉन्स्टेबल के पैर में लगी गोली, ग्वालियर में इलाज जारी
कॉन्स्टेबल को गोली लगने के कारणों को जानने के लिए पुलिस टीम ग्वालियर पहुंची।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 10:47:26 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 10:47:56 AM (IST)
प्रशांत जादौन का फाइल फोटो।HighLights
- समारोह में शराब के नशे व विवाद की चर्चा
- टायलेट के लिए उतरते वक्त लगी गोली
- ग्वालियर में बयान दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि शिवपुरी। कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार रात देहात थाने में पदस्थ आरक्षक प्रशांत जादौन के पैर में गोली लग गई। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है।
कॉन्स्टेबल ने काफी पी रखी शराब, तंदूर वाले से भी हुआ था विवाद
पुलिस लाइन के सरकारी क्वार्टर में निवासरत आरक्षक प्रशांत जादौन शनिवार रात पोहरी रोड पर सेंट चार्ल्स स्कूल के पास एक रिसार्ट में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था।
बताया जा रहा है कि आरक्षक ने अत्यधिक मात्रा में शराब पी रखी थी, इसी के चलते उसका शादी समारोह में खाना खाते समय तंदूर वाले से भी विवाद हुआ था। इसके बाद रात करीब दो बजे वह कार से वापस घर लौट रहा था।
रास्ते में वह सेंट चार्ल्स स्कूल के पास टॉयलेट जाने के लिए कार से उतरा, तभी उनके पैर में गोली लगी। घायल आरक्षक ने अपने दोस्त को बुलाया और वहां से अस्पताल पहुंचा।
आरक्षक को गोली लगने के कारणों को जानने के लिए पुलिस टीम ग्वालियर पहुंची। जहां आरक्षक के बयान दर्ज किए गए हैं। आरक्षक का कहना है कि उसे यह पता नहीं है कि उसके पैर में चोट कैसे लगी है। हालांकि डाक्टर गन शाट होने की पुष्टि कर रहे हैं। टीआई कोतवाली पुनीत वाजपेयी का कहना है कि पुलिस टीम के शिवपुरी लौटने के बाद बयानों के आधार पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर की जाएगी।