शिवपुरी के बैराड़ में तेज रफ्तार ई-रिक्शा खाई में पलटा, हादसे में आठ लोग घायल
सड़क के पास खाई होने के कारण लोग मिट्टी में सन गए और घायल हो गए।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 10:27:04 AM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 10:27:24 AM (IST)
खाई में पड़ा ई रिक्शा और हादसे में घायल सवारी। वीडियो ग्रेबHighLights
- बैराड़ से जौराई जाते समय हुआ हादसा
- तेज रफ्तार से पलटा ई-रिक्शा, आठ घायल
- पुलिस व डायल 112 ने पहुंचाया अस्पताल
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। जिले के बैराड़ से ग्राम जौराई जा रहा ई-रिक्शा मेवासेठ के फार्म के पास सड़क से नीचे पलट गया। हादसे में आठ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में ले जाया गया।
दौड़ रहा था ई-रिक्शा
ई रिक्शा में सवार लोगों में शामिल पंचम सिंह धाकड़ ने बताया कि वह अन्य सवारियों के साथ ई-रिक्शा में पीछे बैठकर बैराड़ से जौराई जा रहे थे। चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। उन्होंने और अन्य सवारियों ने उसे धीरे चलाने के लिए कहा, लेकिन चालक ने बात नहीं मानी। फार्म के पास ई रिक्शा तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए सड़क से नीचे पलट गया। सवारियां भी नीचे गिर गईं। सड़क के पास खाई होने के कारण लोग मिट्टी में सन गए और घायल हो गए। पंचम सिंह ने बताया कि उनकी पीठ और दाहिने घुटने में चोट आई।
हादसे में यह हुए घायल
ई रिक्शा में सवार गजेन्द, दीपा बाई आदिवासी, सुनीता धाकड, सकुन्तला बाई आदिवासी, बासुदेव ठाकुर, प्रेमबाई आदिवासी, पूर्वी आदिवासी और उर्मिला आदिवासी को भी शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आईं। हादसे के बाद डायल 112 वाहन मौके पर पहुंचा और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया। बैराड़ थाना पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।