शिवपुरी में परिवार के साथ सो रहे 1 साल के मासूम को सांप ने डंसा, मौत; नई छत बन रही थी... इसलिए गैलरी में सोया था पूरा परिवार
जब बच्चे की हालत तेजी से बिगड़ने लगी तो परिजन भागते हुए उसे जिला अस्पताल शिवपुरी लेकर पहुंचे, लेकिन डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
Publish Date: Fri, 18 Sep 2026 09:37:31 PM (IST)Updated Date: Fri, 18 Sep 2026 09:38:09 PM (IST)
मासूम आर्यन झा।HighLights
- रात में अचानक रोने लगा मासूम
- अस्पताल पहुंचने से पहले थमीं सांसें
- खुशी के माहौल में पसरा मातम
नईदुनिया प्रतिनिधि शिवपुरी। अमोला थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसौद में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे एक दूधमुंहे बच्चे को जहरीले सांप ने डंस लिया, जिससे बच्चे की मौत हो गई।
पूरा परिवार घर की गैलरी में सोया हुआ था
जानकारी के अनुसार सिरसौद निवासी अमन झा के घर में नई आरसीसी छत बन रही थी, ताकि परिवार बारिश में सुरक्षित रह सके। छत पर काम चलने के कारण घर में सोने की जगह नहीं थी। इसी के चलते बीती रात अमन का पूरा परिवार घर की गैलरी में सोया हुआ था।
इसी दौरान रात करीब 3 बजे अचानक आर्यन जोर-जोर से रोने लगा। वह बार-बार अपना नन्हा हाथ कान की तरफ ले जा रहा था। नींद में जागे माता-पिता समझ ही नहीं पाए कि बच्चे को हुआ क्या है। उन्हें लगा शायद कान में दर्द है या कीड़ा काट गया है।
सांप के जहर ने मासूम की छीन ली थीं सांसें
जब बच्चे की हालत तेजी से बिगड़ने लगी तो परिजन भागते हुए उसे जिला अस्पताल शिवपुरी लेकर पहुंचे, लेकिन डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सांप के जहर ने मासूम की सांसें छीन ली थीं। जिस घर में नई छत बनने की खुशी थी, वहां अब मातम पसरा है। जिस आर्यन की किलकारी से कुछ घंटे पहले तक घर गूंज रहा था, उसकी मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।