शिवपुरी में साइकिल से स्टंट कर छात्राओं को परेशान कर रहा युवक, वीडियो वायरल
शिवपुरी समाचार: एक वीडियों में वह जानबूझकर छात्राओं के बिल्कुल सामने स्टंट करता है, तो दूसरे वीडियो में वह साइकिल को अचानक छात्राओं की तरफ मोड़ देता ह...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 03 Sep 2026 05:07:02 PM (IST)Updated Date: Thu, 03 Sep 2026 05:07:40 PM (IST)
सायकिल स्टंट कर छात्राओं को परेशान करता युवक। वीडियोग्रैबHighLights
- छात्राओं को साइकिल मोड़कर कर रहा था सहमाने की कोशिश
- कोचिंग जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा पर उठे सवाल
- अभिभावकों ने की पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
नईदुनिया न्यूज, शिवपुरी। जिले के खनियाधाना में सुबह-सुबह कोचिंग जाने वाली छात्राओं को सायकल स्टंट कर परेशान करने वाले युवक का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने छात्राओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। वीडियो में एक लड़का साइकिल पर स्टंट करते हुए सुबह कोचिंग जा रही नाबालिग छात्राओं को परेशान करता नजर आ रहा है। वायरल हो रहीं दो वीडियो में साफ दिख रहा है कि सुबह के समय सुनसान सड़क पर छात्राएं कोचिंग के लिए जा रही हैं। तभी एक युवक साइकिल पर खतरनाक स्टंट करता हुआ उनके आसपास मंडराने लगता है।
एक वीडियो में वह जानबूझकर छात्राओं के बिल्कुल सामने स्टंट करता है, तो दूसरे वीडियो में वह साइकिल को अचानक छात्राओं की तरफ मोड़ देता है, जिससे छात्राएं घबराकर सहम जाती हैं और किनारे हटने को मजबूर हो जाती हैं।
सुबह निकलती हैं बेटियां, अभिभावक भयभीत
नगरवासियों का कहना है कि खनियाधाना में सुबह 6 बजे से कोचिंग शुरू हो जाती हैं, जिसके लिए छात्राएं 5:30 बजे ही घर से निकलती हैं। अभी तक कस्बे में माहौल शांतिपूर्ण था और अभिभावक निश्चिंत होकर बेटियों को भेजते थे। लेकिन इस तरह की हरकतों ने सभी को चिंता में डाल दिया है। परिजनों का कहना है, यदि समय रहते ऐसे मनचलों पर लगाम नहीं लगी तो बेटियों को सुबह कोचिंग भेजने में डर लगेगा।
आज साइकिल से स्टंट कर रहा है, कल कुछ और बड़ी हरकत कर सकता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो की जांच कर युवक की पहचान की जाए और सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि छात्राएं बिना किसी भय के स्कूल और कोचिंग जा सकें और इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लग सके।