झांसी स्टेशन पर ट्रेन से 2.55 करोड़ रुपये की चांदी बरामद, शिवपुरी के अमोला का युवक 133 किलो आभूषणों के साथ गिरफ्तार
Jhansi station silver seizure, AP Express RPF action, Shivpuri youth arrested with silver, Virangana Lakshmibai Jhansi station news, GST department Jh...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 19 Oct 2026 06:57:55 PM (IST)Updated Date: Mon, 19 Oct 2026 06:58:38 PM (IST)
रेल पुलिस की स्पेशल टीम द्वारा पकड़ी गई चांदी। रेलवे जनसंपर्कHighLights
- एपी एक्सप्रेस में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई
- चार बोरों में भरकर ले जाई जा रही थी चांदी
- मामला आगे की कार्रवाई के लिए जीएसटी विभाग को सौंपा
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। आगामी त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की जांच के दौरान रेलवे सुरक्षा बल की क्राइम विंग, झांसी और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पोस्ट की संयुक्त टीम ने ट्रेन संख्या 20806 एपी एक्सप्रेस से 133.17 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
चार सफेद प्लास्टिक के बोरों में रखे इन आभूषणों की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 55 लाख 31 हजार 628 रुपये बताई गई है।
अमोला का रहने वाला है पकड़ा व्यक्ति
चांदी के आभूषणों के साथ जो व्यक्ति पकड़ा गया है उसकी पहचान नारद तोमर (22 वर्ष), पुत्र हनुमंत तोमर, निवासी ग्राम मोटिन, थाना अमोला, जिला शिवपुरी के रूप में हुई है। युवक को पकड़कर आगे की कार्रवाई के लिए राज्य कर विभाग (जीएसटी), झांसी को सौंप दिया गया।
चार बैगों में भरकर ले जाई जा रही थी चांदी
रेलवे सुरक्षा बल के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के निर्देशों के अनुपालन में 19 अक्टूबर 2026 को यह कार्रवाई की गई। क्राइम विंग, झांसी और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पोस्ट की टीम ने मुरैना एवं ग्वालियर पोस्ट तथा क्राइम विंग ग्वालियर के सहयोग से प्राप्त सूचना के आधार पर ट्रेन संख्या 20806 एपी एक्सप्रेस में जांच की। इस दौरान चार सफेद प्लास्टिक के बोरों में चांदी के आभूषण डिब्बों और पन्नी सहित ले जाए जा रहे थे। टीम ने इन्हें बरामद करते हुए संबंधित व्यक्ति को पकड़ लिया।
2 करोड़ 55 लाख 31 हजार 620 की है चांदी
बरामद की गई चांदी का कुल वजन 133.17 किलोग्राम पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत 2,55,31,628 रुपये आंकी गई है। उनके वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन स्थित आरपीएफ पोस्ट पर पहुंचने के बाद बरामद चांदी और संबंधित व्यक्ति को आवश्यक वजन की प्रक्रिया पूरी कर सुपुर्द कर दिया गया। अब राज्य कर विभाग मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा।