शिवपुरी में वन भूमि विवाद: क्रिकेट खेलने से रोकने पर रेंजर पर गोली चलाने का आरोप, आत्मरक्षा में पिस्टल का दावा
ग्रामीणों ने लिखित आवेदन में कहा है कि 28 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे करेरा रेंजर लक्ष्मण मीना, आसपुर बीट प्रभारी राजाराम कटारिया और अन्य स्टाफ मेन रोड स्थित खेल मैदान पहुंचे।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 11:09:15 AM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 11:09:48 AM (IST)
रेंजर को ग्रामीणों से बचाकर ले जाते वनकर्मी, उनके हाथ में पिस्टल। वीडियोग्रेबHighLights
- खेल मैदान व प्लांटेशन जमीन को लेकर विवाद
- ग्रामीणों ने लगाए गोली चलाने के आरोप
- रेंजर का दावा- हमले के प्रयास पर निकाली पिस्टल
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। भौंती थाना क्षेत्र की खोड़ चौकी अंतर्गत ग्राम आसपुर में शनिवार की दोपहर जंगल की जमीन पर ग्रामीण और वन विभाग का स्टाफ आमने-सामने आ गया। ग्रामीण जहां जंगल की जमीन को खेल मैदान निरूपित कर रहे हैं, वहीं दूसरी और वन विभाग के अमले का आरोप है कि ग्रामीण बच्चों के नाम पर जंगल की जमीन को हड़पने का प्रयास कर रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि रेंजर ने अपनी सरकारी पिस्टल से खेल मैदान में गोली चलाकर ग्रामीणों को धमकाने का प्रयास किया। वहीं दूसरी ओर रेंजर का कहना है कि, उन पर ग्रामीणों ने हमला करने का प्रयास किया, जिसके चलते उन्हें आत्मरक्षार्थ अपनी सरकारी पिस्टल निकालनी पड़ी, फायर की कहानी झूठी है।
वन विभाग की जमीन पर चल रहा है प्लांटेशन का काम
जानकारी के अनुसार, आसपुर गांव में वन विभाग की जमीन पर प्लांटेशन का काम चल रहा है। इसी के चलते वहां बाउंड्री बनाई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग बच्चों के खेल मैदान को प्लांटेशन के अंदर लेना चाह रहा है। इसी पर ग्रामीणों और वन विभाग के अमले के बीच विवाद शुरू हुआ। विवाद के बाद दोनों पक्षों ने खोड़ चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने लिखित आवेदन में कहा है कि 28 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे करेरा रेंजर लक्ष्मण मीना, आसपुर बीट प्रभारी राजाराम कटारिया और अन्य स्टाफ मेन रोड स्थित खेल मैदान पहुंचे।
क्रिकेट खेल रहे बच्चों के साथ मारपीट कर भगाया
आरोप है कि वहां क्रिकेट खेल रहे बच्चों के साथ मारपीट कर उन्हें भगाया गया। आवेदन के मुताबिक मैदान में बैठे करीब 68 वर्षीय जगदीश परिहार को धक्का देकर बाहर निकाला गया, मारपीट की गई और गाड़ी में बैठाने की कोशिश हुई। जब महिलाओं ने विरोध किया तो उनके साथ भी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की हुई। ग्रामीणों का सबसे गंभीर आरोप यह है कि रेंजर ने हाथ में पिस्टल लेकर महिलाओं को धमकाया और हवाई फायर कर मौके से चले गए। रेंजर लक्ष्मण सिंह मीणा इस पूरी घटना को उल्टा बता रहे हैं। उनका कहना है कि आसपुर में तीन-चार महीने से प्लांटेशन का काम चल रहा है। बाउंड्री लगभग पूरी होने वाली है। जिस जगह को ग्रामीण खेल मैदान बता रहे हैं, वह प्लांटेशन के अंदर आ जाएगी।
पुलिस जांच में जुटी
- रेंजर का आरोप है कि जिन लोगों की नजर इस जमीन पर है, उन्होंने बच्चों को आगे कर विवाद खड़ा किया और प्लांटेशन की बाउंड्री को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
- जब वह उन्हें समझाने पहुंचे तो पहले लोग चले गए, लेकिन बाद में महिलाओं सहित बड़ी भीड़ लेकर लौटे और हमले का प्रयास किया।
- उनके अनुसार, भीड़ हावी हो गई तो आत्मरक्षा में सरकारी पिस्टल निकालनी पड़ी। ग्रामीणों ने उसी का वीडियो बनाकर मुझे हमलावर साबित करने की कोशिश की।
- खोड़ चौकी में दोनों पक्षों ने शिकायत दी है। पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। आसपुर में फिलहाल तनाव है।
- ग्रामीण रेंजर और बीट प्रभारी पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, तो वन अमला इसे प्लांटेशन बचाने की लड़ाई बता रहा है।
- वीडियो वायरल होने के बाद मामला अब गांव से निकलकर जिले भर में चर्चा का विषय बन गया है।
दोनों पक्षों की शिकायत आई हैं, हम शिकायतों की जांच कर रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - संजय लोधी, खोड़ चौकी प्रभारी शिवपुरी