शिवपुरी में ‘समझदार भैंस’: 18 KM चोरों के साथ चली, मौका मिलते ही मालिक के घर पहुंचवाया
भैंस भागकर सीधे अपने मालिक के घर पहुंच गई और पीछे-पीछे आए चोरों को ग्रामीणों से पकड़वा दिया। अब पूरे इलाके में इस ‘समझदार भैंस’ की चर्चा हो रही है।
Publish Date: Sat, 07 Nov 2026 08:45:30 AM (IST)Updated Date: Sat, 07 Nov 2026 08:46:05 AM (IST)
भैंस चोरी करने वाला चोर। नईदुनियाHighLights
- माढ़ा गणेशखेड़ा से चुराई थी भैंस
- मालिक के घर पहुंचकर खोला राज
- ग्रामीणों ने एक चोर को दबोचा
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में भैंस चोरी का एक दिलचस्प मामला सामने आया है। शिवपुरी जिले के ग्राम माढ़ा गणेशखेड़ा से दो चोर एक भैंस और उसकी पड़िया को चुराकर ले जा रहे थे। भैंस 18 किलोमीटर तक चुपचाप उनके साथ चलती रही, लेकिन जैसे ही उसे अपना गांव झंडी दिखा, उसने ऐसा दांव खेला कि दोनों चोरों की सारी चाल धरी रह गई।
भैंस भागकर सीधे अपने मालिक के घर पहुंच गई और पीछे-पीछे आए चोरों को ग्रामीणों से पकड़वा दिया। अब पूरे इलाके में इस ‘समझदार भैंस’ की चर्चा हो रही है।
5 नवंबर को बाइक सवार दो चोर भैंस-पड़िया को हांककर चोरी कर ले गए
झंडी गांव निवासी अरविंद लोधी ने अपनी भैंस को तीन महीने पहले अपनी ससुराल माढ़ा गणेशखेड़ा में ससुर के यहां छोड़़ा था। पांच नवंबर को बाइक सवार दो चोर पहुंचे और भैंस-पड़िया को हांककर चोरी कर ले गए। संयोग से चोर भैंस को हांकते हुए झंडी गांव की तरफ से ही जा रहे थे। जैसे ही झंडी गांव आया, वैसे ही पहले से चुपचाप चल रही भैंस ने अचानक खुद को चोरों से छुड़ाकर दौड़ लगा दी। वह सीधे अपने मालिक अरविंद लोधी के घर के खूंटे पर जाकर खड़ी हो गई।
गांव वालों ने पकड़ लिया चोर
पीछे से दो में से एक चोर भी वहां पहुंच गया और बोला - यह भैंस मेरी है, यहां गलती से आ गई है। भैंस मालिक को शक हुआ तो ससुराल फोन लगाया, फिर चोरी का राजफाश हुआ, फिर क्या था। गांव वालों ने चोर को पकड़ लिया। दूसरा चोर बाइक छोड़कर वहां से भाग गया। पकड़े गए चोर ने पूछताछ में चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।