नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। कोलारस के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र पचावली में मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया में पीड़ितों से मुलाकात की। सीएम ने संगेश्वर बस्ती की महिलाओं की पीड़ा को सुना, फिर बोले-यह तो मौसम की मार है, इसमें हम कुछ नहीं कर सकते परंतु आपको अनाज, मकान, पशुहानि, जनहानि या फिर फसल की हानि हुई है तो सारी हानियों की भरपाई सरकार करेगी।
सर्वे के बाद पैसा सीधा आपके खाते में आएगा, ताकि बीच में कोई कुछ कर न सके, लेकिन मेरी आपसे गुजारिश है कि आपके खाते में जो भी पैसा आए उस पैसे का आप सदुपयोग करना। मुख्यमंत्री ने कहा कि पता चला है कि जिले में प्राकृतिक आपदा से 26 मौत हुई हैं, जिनमें से 18 परिवारों को चार-चार लाख की आर्थिक सहायता जारी की जा चुकी है। बाकी को भी जल्द सहायता मिलेगी।
बाढ़ व अतिवृष्टि की कठिन परिस्थितियों में बहनें घरों में कठिनाई का सामना करती रहीं, जब उन्हें हमारे आने की सूचना मिली, तो रक्षाबंधन का पवित्र भाव उनके चेहरे पर खिल उठा।
आप बहनों के स्नेह, साहस और अटूट बंधन के लिए हृदय से धन्यवाद। pic.twitter.com/jJSdtQKVSa
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) August 4, 2025
यहां 90 पशुओं की हानि हुई है। 1384 मकानों को आंशिक या भारी क्षति पहुंची है। सबका आकलन किया जा रहा है। एक-एक व्यक्ति का सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्रावण का महीना चल रहा है, आप सब हमारी बहनें हैं। हम दोनों भाई आपके बीच आए हैं।
आपके इस कष्ट में पूरी सरकार आपके साथ खड़ी है। सीएम ने खुद के और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह जोड़ी आपकी खुशी में भले ही शामिल न हों, लेकिन आपके दुख में हमेशा आपके बीच खड़ी नजर आएगी।