
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। बागेश्वर धाम के कथावाचक पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर अपने मजाकिया अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। शिवपुरी जिले के करैरा में चल रही सात दिवसीय श्रीराम कथा के दौरान उन्होंने करवा चौथ को लेकर ऐसा बयान दिया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कथा के ‘सीधी बात’ सत्र में एक श्रद्धालु ने उनसे करवा चौथ व्रत के महत्व को लेकर सवाल पूछा था। इसी सवाल के जवाब में शास्त्री ने हंसी-मजाक में करवा चौथ का नया नाम 'खसम पूजन दिवस' रख दिया। शास्त्री ने कहा, 'पत्नियां पति की लंबी उम्र के लिए एक दिन पूरे नियम, श्रद्धा से व्रत रखती हैं, लेकिन बाकी 364 दिन पतियों को ताने मारती हैं।'
उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, 'कहां से मिल गए, किस मुहूर्त में शादी हुई थी, इससे अच्छा तो हम कुंवारे ही मर जाते।' इतना कहने के बाद उन्होंने गंभीर बात भी जोड़ी। कहा कि करवा चौथ पर जिस शिद्दत, साधना और समर्पण से पति की लंबी उम्र की प्रार्थना की जाती है, वही भावना, प्यार और सम्मान पूरे साल पति-पत्नी के रिश्ते में बना रहना चाहिए, तभी व्रत सार्थक होगा। पश्चिमी संस्कृति के दौर में भारतीय परंपराओं को बनाए रखना जरूरी है। कथा में मौजूद लोगों ने इस पर जमकर ठहाके लगाए। बता दें करवा चौथ गुरुवार को है।
यह भी पढ़ें- जिनको तिलक, चंदन, वंदन, राम-श्याम, हनुमान से दिक्कत, वो लाहौर खिसक लें: धीरेंद्र शास्त्री