शिवपुरी में किसानों का गुस्सा फूटा: मूंगफली के दाम अचानक गिरने पर करैरा मंडी के बाहर किया चक्काजाम, दो दिन पहले मिल रहे थे 7 हजार दाम
किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि मूंगफली की खरीदी मंडी के बजाय निजी गोदामों पर की जा रही है।
Publish Date: Sat, 17 Oct 2026 06:22:11 PM (IST)Updated Date: Sat, 17 Oct 2026 06:23:02 PM (IST)
मूंगफली के भाव नहीं मिलने से परेशान किसान। नईदुनियाHighLights
- मूंगफली के दाम घटने से नाराज किसान
- मंडी के बजाय निजी गोदामों पर खरीदी का आरोप
- मौके पर पहुंचे एसडीएम, समझा-बुझाकर शांत किया
नईदुनिया न्यूज, करैरा-शिवपुरी। करैरा कृषि उपज मंडी के बाहर शनिवार को मूंगफली के दामों को लेकर किसानों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि व्यापारियों द्वारा मूंगफली की खरीद 6 हजार रुपये प्रति क्विंटल से अधिक कीमत पर नहीं की जा रही है, जबकि दो दिन पहले तक मूंगफली 7 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रही थी। अचानक कीमतों में आई गिरावट से नाराज किसानों ने मंडी गेट के बाहर जाम लगा दिया।
मूंगफली की खरीदी मंडी के बजाय निजी गोदामों पर
किसानों का कहना है कि शुरुआत में व्यापारियों द्वारा मूंगफली के अच्छे दाम दिए जा रहे थे, लेकिन अचानक खरीद के भाव घटाकर 6 हजार रुपये प्रति क्विंटल कर दिए गए। इससे किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि मूंगफली की खरीदी मंडी के बजाय निजी गोदामों पर की जा रही है।
एसडीएम मौके पर पहुंचे, बोले सही लगे बोली
किसानों के प्रदर्शन और सड़क जाम की सूचना मिलते ही करैरा एसडीएम अनुपम शर्मा मौके पर पहुंचे। किसानों की नाराजगी और मूंगफली के दामों को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बीच प्रशासनिक स्तर पर स्थिति को समझने का प्रयास किया गया। किसानों की मांग है कि मूंगफली की खरीदी उचित भाव पर कराई जाए और अचानक दाम कम किए जाने के मामले में स्थिति स्पष्ट की जाए।