शिवपुरी में मछलियों से भरा पिकअप पलटा, मदद के बजाय लूटने में जुट गए लोग
हादसे की सूचना मिलने के बाद जब मौके पर पुलिस पहुंची तब कहीं जाकर मछलियों की कुछ पेटियां बच पाईं।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 11:05:03 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 11:09:45 AM (IST)
मछलियों की पेटियां उठाकर ले जाते लोग। नईदुनियाHighLights
- ट्रक के कट से अनियंत्रित हुआ पिकअप वाहन
- घायलों की मदद छोड़ मछलियां लूटते रहे लोग
- पुलिस पहुंचने के बाद बचीं कुछ पेटियां, जांच जारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। आपने अक्सर यह सुना व देखा होगा कि, सड़क पर हादसे में दुर्घटनाग्रस्त वाहन को देखकर लोग मदद के लिए दौड़ते हैं, लेकिन कोलारस बाईपास पर रविवार की शाम मछलियों से भरे एक पिकअप वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होते ही लोगों ने घायलों की मदद करने की बजाय, गाड़ी से निकलकर सड़क पर बिखरी पड़ी, मछलियों को लूटना मुनासिब समझा न कि घायल स्टाफ की मदद करना।
कोलारस बाईपास की घटना
जानकारी के अनुसार झांसी से एक पिकअप वाहन मछलियों की 30 पेटी लेकर गुना जा रहा था। कोलारस बाईपास पर एक ट्रक ने उक्त पिकअप वाहन को कट मार दी और मौके से फरार हो गया। ट्रक की कट से अनियंत्रित हुआ मछलियों से भरा वाहन सड़क पर पलट गया।
हादसे में गाड़ी में भरी मछलियों की पेटियां सड़क पर बिखर गईं। वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते ही लोग घटनास्थल की तरफ मदद के लिए दौड़े, लेकिन जैसे ही उन्हें सड़क पर बिखरी पड़ी मछलियों की पेटियां दिखीं, उक्त लोगों ने मदद छोड़कर मछलियां लूटना शुरू कर दीं और मौके से भाग गए।
हादसे की सूचना मिलने के बाद जब मौके पर पुलिस पहुंची तब कहीं जाकर मछलियों की कुछ पेटियां बच पाईं। वाहन के स्टाफ को गाड़ी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।