शिवपुरी में दुकान में घुसकर युवक की आंखों में झोंकी मिर्च, फिर ताबड़तोड़ मारे 5 चाकू; आरोपी फरार
शिवपुरी क्राइम समाचार: पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
Publish Date: Fri, 25 Sep 2026 04:31:50 PM (IST)Updated Date: Fri, 25 Sep 2026 04:33:09 PM (IST)
घायल मनोज धाकड़ और अपने पीठ के घाव दिखाते हुए। नईदुनियाHighLights
- झांसी तिराहे पर दुस्साहस
- पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला
- फरार आरोपी की तलाश में पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि शिवपुरी। कोतवाली थाना क्षेत्र के सबसे व्यस्त इलाके झांसी तिराहे पर शुक्रवार की दोपहर हार्डवेयर की दुकान खून से लाल हो गई। एक टेम्पो चालक ने पुरानी रंजिश के चलते मजदूरी कर रहे युवक पर फिल्मी अंदाज में हमला कर दिया। युवक को जिला अस्पताल भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
आरोपी अपने एक हाथ में चाकू और दूसरे हाथ में मिर्च पाउडर लेकर गया था
जानकारी के अनुसार नवाब साहब रोड निवासी मनोज धाकड़, झांसी तिराहे पर स्थित रामजीलाल अग्रवाल की हार्डवेयर की दुकान पर मजदूरी कर रहा था। इसी दौरान वहां लोडिंग टेम्पो चलाक हमलावर गौरव कुशवाह निवासी कठमई पहुंचा।
आरोपी अपने एक हाथ में चाकू और दूसरे हाथ में मिर्च पाउडर लेकर गया था। उसने मनोज धाकड़ के पास पहुंचते ही सबसे पहले मिर्च पाउडर उसकी आंखों में झोंक दिया।
जैसे ही मनोज आंखों पर हाथ लगाकर जमीन पर झुका वैसे ही गौरव ने हाथ में लिए चाकू से उस पर यह कहते हुए ताबड़-तोड़ पांच प्रहार किए कि, आज जान से मार डालूंगा।
मनोज धाकड़ के साथ काम कर रहे अन्य मजदूर कुछ समझ पाए उससे पहले गौरव ने मनोज की पीठ में पांच चाकू घोंप दिए। जैसे ही अन्य मजदूर उसे बचाने दौड़े, गौरव मौके से फरार हो गया। घायल मनोज धाकड़ को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। मनोज धाकड़ के अनुसार 24 सितम्बर की शाम गौरव कुशवाह उसे अकारण ही गालियां दे रहा था। इसी कारण उसका गौरव से मुंहवाद हो गया था। इसके बाद बात आई-गई हो गई। आज जब वह अपना काम कर रहा था, तभी वह अचानक आया और उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।