शिवपुरी में मनचले युवकों ने स्कूटी को टक्कर मारकर सरेराह छात्रा की चोटी पकड़कर पीटा, एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
Publish Date: Mon, 26 Oct 2026 10:57:25 AM (IST)Updated Date: Mon, 26 Oct 2026 11:08:50 AM (IST)
छात्रा के साथ सरेराह मारपीट करते आरोपी।HighLights
- कार से पीछा कर रहे थे मनचले
- विरोध करने पर की सरेराह मारपीट
- एक आरोपी धराया, तीन की तलाश
नईदुनिया प्रतिनिधि शिवपुरी। फिजिकल थानांतर्गत विष्णु मंदिर के पास रविवार की शाम एक छात्रा के साथ एक कार में सवार चार मनचले युवकों ने न सिर्फ बदतमीजी की बल्कि उसे काफी दूर तक परेशान करने के बाद उसकी स्कूटी में कट मार दी। जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो चारों मनचले युवकों ने छात्रा को सरेराह चोटी पकड़कर निर्ममता के साथ उसकी मारपीट कर दी।
एक पकड़ा, तीन युवक भागे
भीड़ ने जब यह देखा तो कुछ लोगों ने मारपीट कर रहे युवकों को रोकने व पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान एक युवक को तो पकड़ लिया गया, परंतु तीन युवक वहां से भागने में सफल हो गए। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
छात्रा सहेली के घर जा रही थी पढ़ने
जानकारी के अनुसार एक 17 वर्षीय छात्रा अपनी स्कूटी पर सवार होकर अपनी एक दोस्त के यहां पुरानी शिवपुरी पढ़ने के लिए जा रही थी। इसी दौरान सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड की तरफ से एक कार क्रमांक एमपी-33 जेडएच 2393 में सवार होकर आ रहे चार लड़कों ने उसकी स्कूटी का पीछा करते हुए उसे हार्न बजाकर परेशान करना शुरू कर दिया। जब इतने पर भी उनका मन नहीं भरा तो उन्होंने छात्रा की स्कूटी में कट मार दी तथा उस पर अश्लील कमेंट करने लगे। इसके बाद गुस्साई छात्रा ने अपनी स्कूटी रोक कर उन लड़कों की हरकत का विरोध दर्ज करवाया तो कार में सवार चारों लड़कों ने उतरकर छात्रा की चोटी पकड़कर उसके साथ सरेराह मारपीट शुरू कर दी।
पकड़े युवक की पहचान बृजेंद्र गुर्जर के रूप में की गई
पीड़ित छात्रा की एक सहेली जब बीच-बचाव करने आई तो उसके साथ भी झूमाझटकी कर दी गई। भीड़ ने जब यह देखा तो कुछ राहगीरों ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि तीन युवक कार लेकर भाग निकले। पकड़े गए युवक की पहचान पुराना अमोला निवासी बृजेंद्र गुर्जर के रूप में की गई है। बृजेंद्र को पकड़कर फिजिकल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। बृजेंद्र ने बताया कि उसके तीन अन्य साथियों के नाम बृजमोहन गुर्जर, मोनू चंदेल व विक्रम बुंदेला के रूप में की गई है। कार विक्रम बुंदेला की बताई जा रही है। पुलिस ने पीड़ित छात्रा की शिकायत पर चारों आरोपितों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पीड़िता की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मौके से भागे तीन अन्य आरोपियों और वारदात में प्रयोग की गई कार की तलाश प्रारंभ कर दी गई है। जल्द ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। - अविनाश राठौड़, टीआई फिजिकल