कोटा में शिवपुरी के जेईई छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, छह महीने पहले ही कोचिंग करने गया था राजस्थान
आशंका जताई जा रही है कि छात्र ने पढ़ाई के तनाव के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया है।
Publish Date: Tue, 27 Oct 2026 08:47:59 AM (IST)Updated Date: Tue, 27 Oct 2026 08:49:43 AM (IST)
मृतक अजीत धाकड़।HighLights
- पीजी के कमरे में फंदे पर लटका मिला शव
- पढ़ाई के तनाव के चलते उठाया कदम
- चार साल पहले उठ चुका था पिता का साया
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। सिरसौद थाना क्षेत्र के रातीकिरार निवासी 18 वर्षीय छात्र अजीत धाकड़ ने राजस्थान के कोटा स्थित अपने पीजी के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह जवाहर नगर इलाके में रहकर जेईई की तैयारी कर रहा था।
खिड़की से झांकने पर अजीत का शव फंदे पर लटका दिखा
रविवार रात करीब 10 बजे जब साथी छात्र उसे टहलने बुलाने गए, तो कमरा अंदर से बंद मिला। खिड़की से झांकने पर उसका शव फंदे पर लटका दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सुसाइड नोट नहीं मिला
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल पहुंचाया। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आशंका जताई जा रही है कि छात्र ने पढ़ाई के तनाव के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
पिता की मौत के बाद बड़े भाई ने संभाला था परिवार
अजीत के पिता अशोक धाकड़ का चार साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद बड़े भाई दिव्यांश ने पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए छोटे भाई अजीत की पढ़ाई का जिम्मा उठाया था। शिवपुरी से 12वीं पास करने के बाद अजीत छह माह पहले ही कोटा गया था। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।