
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सोमवार को शिवपुरी में कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहुंचे। प्रशिक्षण के बाद प्रेस से चर्चा में पटवारी ने संगठन से लेकर स्मार्ट मीटर, किसानों की जमीन, कर्ज और शिवपुरी की गरीबी तक हर मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा।
जीतू पटवारी ने स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कहा कि आपके सबके घर में स्मार्ट मीटर हैं, अगर यह जनता की भलाई के लिए है तो यह स्मार्ट मीटर सिंधिया जी के महल में क्यों नहीं लगाया। वहां 350 कमरों का 1500 रुपये बिल आया। अगर स्मार्ट मीटर जनता की भलाई का है, तो महल में भी लगना था।
उन्होंने भाजपा सरकार को अली बाबा, चालीस चोर की सरकार बताते हुए कहा कि यह हर विभाग पर माफिया के कब्जे वाली सरकार है। विद्युत विभाग पर भी माफिया का कब्जा है, इसलिए कांग्रेस स्मार्ट मीटर का विरोध करती है।
किसानों के मुद्दे पर पटवारी ने कहा कि बाहर के लोग यहां पट्टे पर किसानों की जमीनें लेते हैं, अपने संसाधनों से खेती करते हैं और टमाटर सब जगह भेजते हैं। फिर यहां का किसान उन्नत क्यों नहीं हुआ। यह किसकी जिम्मेदारी थी।
पटवारी ने दावा किया कि सबसे ज्यादा गरीब शिवपुरी में है, परंतु ज्योतिरादित्य सिंधिया के हर भाषण में प्रगति और विकास की बात होती है। किसका विकास और किसकी प्रगति, इसका कुछ पता नहीं। उन्होंने कहा कि एक बार को छोड़कर यहां से सांसद सिंधिया, उनके परिवार के लोग और उनके लोग ही रहे हैं, फिर शिवपुरी सबसे गरीब क्यों है। सवाल तो बनता है। यहां न कोई अच्छा हॉस्पिटल है और न अच्छा स्कूल है। पिछले 50 साल में शिवपुरी को लेकर एक भी माइलस्टोन पूरे देश में गया हो, ऐसा कोई उदाहरण यहां नहीं दिखता।
उन्होंने कहा कि सरकार चलाने वालों की सरकार, प्रशासन और मंत्रियों पर पकड़ ही नहीं बची है। उनको तबादलों का उद्योग चलाना बहुत पसंद है। सीएम डॉ मोहन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनको सरकार चलाने में और मप्र को समृद्ध करने में कोई महारत हासिल नहीं है। भाजपा की सरकार दिशाहीन है। भाजपा ने मप्र को सिर्फ भाषण का, विज्ञापन का, कर्ज लेने का, कमीशन लेने का और करप्शन करने का प्रदेश बना दिया है।