महानआर्यमन ने दिव्यांग हॉकर को दी नई स्कूटी, बोले- शिवपुरी आऊंगा तो मुझे भी अपनी गाड़ी पर घुमाइएगा
हॉकर राधे की पत्नी से भी की वीडियो कॉल पर बात, कहा-अब आप इनसे स्कूटी पर घुमाने के लिए कहिए।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 02:10:11 PM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 02:24:53 PM (IST)
दिव्यांग हॉकर राधे का साइकिल से अखबार बांटने के वीडियो से भावुक हो गए थे महान आर्यमन सिंधिया। वीडियोग्रेबHighLights
- वीडियो देख भावुक हुए थे महानआर्यमन
- स्कूटी से आसान होगा अखबार वितरण
- पत्नी से भी वीडियो कॉल पर की बात
डिजिटल टीम, शिवपुरी। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया ने शिवपुरी के दिव्यांग हॉकर राधे बाथम की मदद के लिए उन्हें नई इलेक्ट्रिक स्कूटी भेंट की। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले राधे पिछले करीब दो दशकों से एक दुर्घटना के कारण दिव्यांग हैं।
परिवार का भरण-पोषण करने कर रह हैं संघर्ष
इसके बावजूद वे प्रतिदिन सुबह 4 बजे उठकर साइकिल से अखबार वितरण का काम करते हैं और अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं।
महानआर्यमन को मिला था राधे की संघर्ष का वीडियो
कुछ दिनों पूर्व महानआर्यमन सिंधिया को राधे के संघर्ष का एक वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें वे दिव्यांग होने के बावजूद साइकिल से अखबार बांटते दिखाई दे रहे थे। वीडियो देखकर महानआर्यमन सिंधिया भावुक हो गए और उन्होंने तत्काल उनकी सहायता करने का निर्णय लिया। इसी क्रम में दीपावली के बाद उन्हें इलेक्ट्रिक स्कूटी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।
गुरुवार को शिवपुरी में राधे बाथम को नई इलेक्ट्रिक स्कूटी प्रदान की गई। इस अवसर पर महानआर्यमन सिंधिया ने वीडियो कॉल के माध्यम से राधे बाथम और उनके परिवार से बातचीत भी की।
![naidunia_image]()
इलेक्ट्रिक स्कूटी के साथ राधे का परिवार। नईदुनिया
वीडियो कॉल से की बात
बातचीत के दौरान महानआर्यमन सिंधिया ने कहा, “मुझे आपके बारे में जानकारी मिली थी। मैं चाहता था कि हमारी तरफ से आपको कुछ मदद मिले। जब मैंने आपका वीडियो देखा तो मैं बहुत भावुक हुआ था। मेरी बस यही ख्वाहिश थी कि आपकी जिंदगी की परेशानियां कुछ कम हो सकें। इसी सोच के साथ हमने आपके लिए यह स्कूटी देने का निर्णय लिया।”
उन्होंने आगे कहा कि स्कूटी चलाने के लिए लाइसेंस की आवश्यकता नहीं होगी और इसके इंश्योरेंस सहित अन्य जरूरी खर्चों की जिम्मेदारी भी उनकी ओर से उठाई जा रही है, ताकि राधे बाथम को किसी प्रकार की अतिरिक्त परेशानी न हो।
महानआर्यमन ने दिव्यांग से कहा- शिवपुरी आऊंगा तो मुझे अपनी नई गाड़ी पर घुमाइएगा
महानआर्यमन सिंधिया ने कहा, “इस स्कूटी से आपकी काफी कठिनाइयां कम होंगी और आप आसानी से अखबार बांट सकेंगे। मैं जल्द से जल्द शिवपुरी आऊंगा। तब आप मुझे अपनी नई गाड़ी पर घुमाइएगा।”
इस पर राधे बाथम ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मैं बहुत खुश हूं। युवराज साहब, मुझे बहुत अच्छा लगा कि आपने मुझे इतनी बड़ी चीज दे दी।”
पत्नी बोलीं, मुझे अब स्कूटी पर घुमाना
महानआर्यमन सिंधिया ने राधे की पत्नी से भी वीडियो कॉल पर बातचीत की और उनसे पूछा कि उन्हें स्कूटी कैसी लगी और क्या वे इस उपहार से खुश हैं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अब वे राधे से स्कूटी पर घुमाने के लिए कहेंगी।
उल्लेखनीय है कि महानआर्यमन सिंधिया ने इसी सप्ताह दीपावली के अवसर पर ग्वालियर संभाग के कई खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप इलेक्ट्रिक स्कूटी और ऑटोमैटिक व्हीलचेयर भेंट की हैं। वे लगातार जरूरतमंदों और खिलाड़ियों को सहयोग देने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहे है।