सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में पिस्टल लेकर घुसे बदमाश, 3 मिनट तक धमकाकर लूटने का किया प्रयास
इससे पहले 16 अक्टूबर की रात तीन संदिग्ध युवकों ने इसी बैंक का शटर सरिया और जैक की मदद से उठाने का प्रयास किया था।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 12:08:33 PM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 12:09:43 PM (IST)
घटना का सीसीटीवी फुटेज।HighLights
- चाबी न मिलने से टली बड़ी वारदात
- 13 दिन में दूसरी बार लूट की कोशिश
- पुलिस कर रही सीसीटीवी फुटेज की जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। शिवपुरी के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को एक बार फिर बदमाशों ने लूटने का प्रयास किया। तीन बदमाश गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे बैंक में घुसे और कैश लूटने का प्रयास करने लगे लेकिन तब तक बैंक के मैनेजर जा चुके थे और चाबी भी बैंक मैनेजर के पास थी। इस कारण लुटेरों के हाथ कैश नहीं लग पाया। लुटेरे करीब 3 मिनट बैंक में रहे बैंक में कर्मचारियों को धमकाते रहे बाद में बाइक से भाग गए।
13 दिन में दूसरी बार लूट की कोशिश
यह घटना शिवपुरी शहर के एमएम चौराहे स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की है। 13 दिन के भीतर बैंक में दूसरी बार लूट की कोशिश हुई है। करीब साढ़े सात बजे दो नकाबपोश बदमाश पिस्टल लेकर बैंक में घुसे। बदमाशों ने कर्मचारियों को पिस्टल दिखाकर कैश मांगा।
कर्मचारियों ने बताया कि बैंक बंद हो चुका है और कैश लॉकर में रख दिया गया है। मैनेजर तिजोरी की चाबी लेकर जा चुके हैं। इसके बाद बाहर खड़े तीसरे साथी के साथ बाइक से फरार हो गए।
सीसीटीवी में घटना कैद
पूरी घटना बैंक के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। घटना की सूचना पर एएसपी आरडी प्रजापति, कोतवाली थाना प्रभारी पुनीत कुमार बाजपेई मौके पर पहुंचे। बैंक मैनेजर प्रशांत खरे की शिकायत पर अज्ञात तीन बदमाशों के खिलाफ लूट के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
16 को हुआ था लूट का प्रयास
16 अक्टूबर की रात तीन संदिग्ध युवकों ने इसी बैंक का शटर सरिया और जैक की मदद से उठाने का प्रयास किया था। अगले दिन बैंक कर्मचारियों को शटर आधा खुला मिला था। हालांकि अंदर के ताले सुरक्षित थे।
कुछ बदमाशों ने बैंक में घुसकर लूट का प्रयास किया है। कर्मचारियों को धमकाया। बदमाशों की तलाश की जा रही है। - पुनीत वाजपेयी, निरीक्षक, कोतवाली