शिवपुरी में 6 घंटे इंतजार के बाद भी नहीं पहुंची 108 एंबुलेंस, घर पर प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मौत
स्वजन शुक्रवार सुबह 4:00 बजे से 10:00 बजे तक एंबुलेंस बुलाने के लिए फोन करते रहे, लेकिन एक भी एंबुलेंस गांव नहीं पहुंची।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 10:06:35 AM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 10:07:39 AM (IST)
मृतिका ज्योति आदिवासी का फाइल फोटो।HighLights
- तड़के चार बजे से फोन करते रहे स्वजन
- मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर महिला मृत घोषित
- कॉल रिकॉर्ड और मामले की होगी जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। पोहरी क्षेत्र में गोपालपुर थाना अंतर्गत ग्राम डेंडरी में स्वास्थ्य विभाग और 108 एंबुलेंस सेवा की लापरवाही से एक 22 वर्षीय प्रसूता और उसके नवजात की मौत हो गई। स्वजन शुक्रवार सुबह 4:00 बजे से 10:00 बजे तक एंबुलेंस बुलाने के लिए फोन करते रहे, लेकिन एक भी एंबुलेंस गांव नहीं पहुंची।
तड़के करीब चार बजे हुई महिला को प्रसव पीड़ा
जानकारी के अनुसार ज्योति आदिवासी पत्नी राजवीर आदिवासी की शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे प्रसव पीड़ा शुरू हुई। स्वजन ने अलग-अलग नंबरों से बार-बार एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन हर बार यही जवाब मिला कि, एंबुलेंस उपलब्ध नहीं है। छह घंटे तक इंतजार के बाद घर पर ही प्रसव हुआ।
ज्योति ने बेटे को जन्म दिया, लेकिन इलाज नहीं मिलने से नवजात की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद ज्योति की हालत बिगड़ती गई।
एंबुलेंस नहीं आइ्र तो स्वजन को मजबूरन किराए की टैक्सी करनी पड़ी
स्वजन को मजबूरन किराए की टैक्सी करनी पड़ी। सुबह करीब 11 बजे ज्योति को शिवपुरी मेडिकल कालेज लाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महेंद्र आदिवासी ने आरोप लगाया कि समय पर एंबुलेंस मिल जाती तो भाभी और भतीजा दोनों बच जाते। उन्होंने बताया कि गांव में आशा कार्यकर्ता भी नहीं है। घटना के बाद 108 सेवा के डिस्ट्रिक्ट को-आर्डिनेटर आनंद त्रिपाठी ने कहा कि काल रिकार्ड की जांच कराई जा रही है। सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषिश्वर ने भी जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।