
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। खाद की कालाबाजारी को रोकने के लिए सरकार टोकन सिस्टम लेकर आई थी। सिस्टम के तहत किसानों को उनकी जमीन के अनुसार खाद मिलना था। किसानों को आसानी से खाद मिल सके, यही इस व्यवस्था का मकसद था।
डीएपी की कमी और टोकन बुक नहीं होने की समस्या में किसान घिरता नजर आया। खाद केंद्रों पर स्टाक ओपन नहीं किए जाने से टोकन बुक नहीं हो पा रहे हैं। इधर किसान की फसल पिछड़ती जा रही है।
मजबूरी के चलते किसानों ने दूसरे खादों के टोकन बुक कराने शुरू कर दिए। इस सीजन में 3 लाख 60 हजार 266 टोकन तो हो गए, लेकिन सैकड़ों किसानों को मांग के अनुसार डीएपी नहीं मिल पाया। अब 1400 मीट्रिक टन की रैक लग गई है। 1400 मीट्रिक टन में से 400 मीट्रिक टन मार्कफेड के गोदामों में पहुंचेगा।
475 मीट्रिक टन सोसाइटियों पर जाएगा और 470 मीट्रिक टन प्राइवेट मार्केट में पहुंचेगा। सभी खाद संग्रह करने वालों को स्टाक आनलाइन करना होगा। स्टाक आनलाइन होगा, तभी किसान डीएपी के टोकन बुक करा सकेंगे।
किसानों का कहना है कि डीएपी खाद कई बार आ चुका है। टोकन कराने पहुंचते हैं तो बताया जाता है कि खाद केंद्रों पर डीएपी नहीं है। डीएपी से महंगा एनपीके खाद पड़ रहा है। इसलिए किसानों को डीएपी की दरकार ज्यादा है।
इस बार रबी सीजन के लिए कृषि विभाग ने 4 लाख 47 हजार हेक्टेयर में बुवाई का लक्ष्य रखा था। नवंबर में किसानों की बुवाई पूरी हो जाती है, लेकिन खाद की कमी के कारण कई किसान बुवाई नहीं कर पाए। लागत के चलते किसानों पर 1900 से 2200 रुपये का खाद खरीदना और भारी पड़ जाता है। अब डीएपी खाद नहीं मिला तो किसान ब्लैक में खरीदने पर मजबूर हैं।
किसानों की मजबूरी और बुवाई में लेटलतीफी का फायदा उठाने वाले व्यापारी 2000 रुपये का डीएपी बैग बेच रहे हैं। किसानों के आरोप हैं कि किसानों को खाद नहीं मिल रहा है, लेकिन जो 2000 रुपये का बैग बेच रहे हैं, उनके पास डीएपी खाद कहां से पहुंच रहा है। किसानों ने जिला प्रशासन से खाद केंद्रों की जांच पड़ताल कराने की मांग की है।
इस बार किसानों को रबी और खरीफ सीजन की फसल करना बहुत महंगा पड़ रहा है। खरीफ फसल में ज्यादा बारिश होने से टमाटर सहित नगदी फसलें खराब हो गई थीं। अब रबी सीजन में कई किसानों ने सरसों की बुवाई की, लेकिन सही नहीं उगने के कारण किसानों को दूसरी बार बुवाई करनी पड़ रही है। इससे पूर्व का घाटा कवर हो जाए, यही किसानों की उम्मीद है। ऐसे में समय पर खाद पानी फसलों को नहीं मिला तो किसानों को बहुत आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
डीएपी खाद की रैक लग गई है। मार्कफेड, सोसाइटियों और प्राइवेट दुकानदारों के पास खाद पहुंचना शुरू हो गया है। किसानों के टोकन लगातार हो रहे हैं अभी तक करीब 3 लाख 60 हजार 266 टोकन हो चुके हैं। किसान एनपीके का भी बेहतर रूप से उपयोग कर सकते हैं।
मुनेश शाक्य, कृषि उपसंचालक, शिवपुरी