
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। फिजिकल थानांतर्गत करौंदी कॉलोनी में दीपावली की रात 8 बजे पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने अगले दिन दोपहर तक शहर के फिजिकल थाने को विरोध प्रदर्शन का केंद्र बना दिया। रात में एफआईआर को लेकर तो सुबह से दोपहर तक जुलूस को लेकर थाने के सामने प्रदर्शन और धरना जारी रहा।
मामले की शुरुआत एक शिकायत से हुई। इस घटना को देखते ही देखते सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया गया, हालांकि पुलिस की मुस्तैदी और सख्ती के चलते हालात ज्यादा बिगड़ने से बच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों पर हल्का बल प्रयोग कर उन्हें थाने के आसपास एकत्रित नहीं होने दिया।
फरियादी आदित्य पुत्र देवीसिंह बाथम उम्र 19 साल निवासी करौदी कॉलोनी, काली माता मंदिर, शिवपुरी ने अपनी मां शकुन बाथम और बहन संध्या बाथम के साथ थाने पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई कि, 8 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजे वह अपने घर के सामने पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले बाबा खान ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर बाबा खान और उसके दोनों बेटे फैजल और जुबेर लाठी-डंडा और पल्टा लेकर घर में घुस आए।
आरोप है कि जुबेर ने पल्टा मारा, जो आदित्य के सिर के पीछे लगा और खून निकल आया। फैजल ने लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे पीठ और जांघों में चोट आई। बचाने आई मां सकुन बाथम और बहन संध्या बाथम के साथ भी मारपीट की गई। संध्या के दोनों घुटनों में चोट आई है। मौके पर राज बाथम और बंटी बाथम मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव किया। पीड़ित परिवार का कहना है कि छोटी बच्ची संध्या दीपावली पर आतिशबाजी कर रही थी, इसी पर विवाद हुआ। जब परिवार ने त्योहार मनाने की बात कही, तो हमला कर दिया गया। घायल लड़की को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद रात में ही एफआईआर को लेकर थाने पर भीड़ जमा हो गई। सुबह से दोपहर तक जुलूस को लेकर फिर प्रदर्शन शुरू हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने के आसपास एकत्र होने से रोका और हल्का बल प्रयोग कर हालात नियंत्रित किए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की बात कही है।
दीपावली पर पटाखा फोड़ने पर विवाद हुआ है। रात में ही कायमी कर ली गई है। उनकी कुछ मांगें हैं, जिन्हें लेकर वह धरना दे रहे हैं। जिन लोगों ने उपद्रव किया है, पुलिस का वाहन फोड़ा है उनके खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।
-सचिन कुमार धुर्वे एसडीओपी, शिवपुरी