
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में मंगलवार सुबह एक चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। फिजिकल थाना क्षेत्र के दो बत्ती चौराहे पर हुई इस घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। स्कूटी से चिंगारियां निकलने के बाद देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं।
ड्राइवर ने तुरंत वाहन सड़क किनारे खड़ा किया और सुरक्षित दूरी पर चला गया। कुछ ही मिनट में पूरी स्कूटी जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे की है। अंडे का ठेला लगाने वाले नीरज राठौर की इलेक्ट्रिक स्कूटी उनका बेटा चला रहा था। वह गुलाब साहब की दरगाह की ओर से माधव चौक की तरफ जा रहा था। इसी दौरान दो बत्ती चौराहे के पास स्कूटी से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं।
स्थिति को भांपते हुए युवक ने तत्काल स्कूटी सड़क किनारे स्टैंड पर खड़ी की और खुद उससे दूर हट गया। इसके कुछ ही देर बाद स्कूटी में तेज आग लग गई। करीब पांच मिनट में वाहन पूरी तरह जल गया और मौके पर केवल उसका जला हुआ ढांचा बचा।
स्कूटी में आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि आग पर काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते इलेक्ट्रिक स्कूटी पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।
शिवपुरी में इलेक्ट्रिक स्कूटी और बाइक में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा और आग लगने के कारणों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
बैटरी में थर्मल रनअवे, वायरिंग की खराबी, चार्जिंग में गड़बड़ी या लोकल मैकेनिक की छेड़छाड़ जैसी संभावनाओं पर चर्चा होती रही है, लेकिन इन घटनाओं के वास्तविक कारणों को लेकर सार्वजनिक रूप से स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
ऐसी घटनाओं के बाद वाहन में आग लगने के कारणों का पता लगाना जरूरी है। हालांकि, अब तक सामने आए मामलों में कंपनी की जांच रिपोर्ट, पुलिस की फॉरेंसिक रिपोर्ट या परिवहन विभाग की पड़ताल सार्वजनिक नहीं होने का मुद्दा उठता रहा है। इससे इलेक्ट्रिक वाहन इस्तेमाल करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।