गांधी जयंती पर शिवपुरी में शिक्षकों का सत्याग्रह... पार्क में भूखे रहकर जताई नाराजगी, TET और ई-अटेंडेंस हटाने की मांग
अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा का कहना है जब तक सरकार मांगे नहीं मानती, आंदोलन जारी रहेगा।
Publish Date: Fri, 02 Oct 2026 07:29:32 PM (IST)Updated Date: Fri, 02 Oct 2026 07:30:07 PM (IST)
भूख हड़ताल पर बैठे शिक्षक। नईदुनियाHighLights
- सावरकर पार्क में दिनभर चला शिक्षकों का उपवास
- भोपाल में जारी आंदोलन के समर्थन में उतरे शिक्षक
- पढ़ाने के बजाय हाजिरी-परीक्षा में उलझाने का आरोप
नईदुनिया प्रतिनिधि शिवपुरी। जिस दिन देश बापू को याद कर रहा था, उसी दिन शिवपुरी के शिक्षकों ने टीईटी के विरोध में सावरकर पार्क में चटाई बिछाकर दिन भर भूख हड़ताल कर पार्क में सत्याग्रह किया। उनका कहना था कि, टीईटी और ई-अटेंडेंस वापस लो।
उल्लेखनीय है कि, भोपाल के नीलम पार्क में अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। उसी के समर्थन में शुक्रवार को शिवपुरी में भी मोर्चा ने आह्वान किया और सैकड़ों शिक्षक सावरकर पार्क पहुंच गए।
ई-अटेंडेंस को अनिवार्य की जगह स्वैच्छिक किया जाए
शिक्षकों की मांग थी कि, शिक्षकों पर थोपी जा रही पात्रता परीक्षा टीईटी नहीं ली जाए। ई-अटेंडेंस को अनिवार्य की जगह स्वैच्छिक किया जाए, साथ ही नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता दी जाए।
जब तक सरकार मांगे नहीं मानती, आंदोलन जारी रहेगा
मोर्चा का कहना है जब तक सरकार मांगे नहीं मानती, आंदोलन जारी रहेगा। दिन भर चले उपवास के बाद शाम को राष्ट्रगान के साथ सत्याग्रह समाप्त किया गया। इस दौरान स्नेह रघुवंशी, राजकुमार सरैया, सुनील वर्मा, मनमोहन जाटव, अंगद तोमर, उमेश करारे, अरविंद सरैया, इंदु पाराशर, प्रीति सूर्येश सहित कई वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों को पढ़ाने की जगह हाजिरी और परीक्षा के जाल में उलझाया जा रहा है।