शिवपुरी में किसान के घर बड़ी चोरी... 12 लाख नकद और 10 लाख के जेवर पार, ट्रैक्टर के लिए जोड़े थे रुपये
चोरी की यह वारदात रात 2 से 4 बजे के बीच अंजाम दी गई है।
Publish Date: Sat, 07 Nov 2026 10:33:49 AM (IST)Updated Date: Sat, 07 Nov 2026 10:34:25 AM (IST)
चोर इस बक्से व सूटकेसों में से चुरा ले गए नगदी व जेवर । नईदुनियाHighLights
- खरैह गांव में रात 2 से 4 बजे के बीच वारदात
- बैंक से निकालकर घर में रखे थे ट्रैक्टर के पैसे
- सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही रन्नौद थाना पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। रन्नौद थानांतर्गत ग्राम खरैह में गुरूवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात खरैह निवासी कृषक अंकित पुत्र रामकुमार रघुवंशी के घर में बड़ी चोरी हो गई। चोरों ने घर में रखे 12 लाख रुपये नकद और करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए। जेवरों में दो सोने के हार, अंगूठी, झाले, बाला, चांदी की करधौनी और बिछुड़ी शामिल हैं। कुल चोरी 22 लाख रुपये की बताई जा रही है।
चोरों ने रात 2 से 4 बजे बीच वारदात को दिया अंजाम
चोरी की यह वारदात रात 2 से 4 बजे के बीच अंजाम दी गई है। पीड़ित का कहना है कि, 5 नवंबर को एकादशी थी, ऐसे में रात 11-12 बजे तक घर में कीर्तन चला, सभी जागे हुए थे। 12 बजे के बाद सभी सो गए। चोरी का पता सुबह 6:00 बजे चला। पीड़ित का कहना है कि, गांव के एक सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध चोर दिखे हैं, दोनों लड़कों ने चेहरे पर कपड़ा बांधा हुआ था और हाथों में ग्लव्ज पहने थे। कैमरा देखकर वे वापस लौट गए। उनकी पहचान नहीं हो पाई है।
सूचना मिलने पर रन्नौद थाना पुलिस ने मौका मुआयना किया। फिंगरप्रिंट टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पेनल्टी लगी तो बैंक से निकाल कर घर रख लिया पूरा पैसा
पीड़ित अंकित के अनुसार उन्होंने ट्रैक्टर खरीदने के लिए गर्मियों से पैसा जोड़ा था। पैसा पहले पंजाब नेशनल बैंक के खाते में जमा किया था, लेकिन 1100 रुपये पेनल्टी कटने पर पिता के कहने पर पैसा निकालकर घर रख लिया। बाद में 4 लाख रुपये की फसल बेचकर भी उसी में जोड़ दी। करीब 4 महीने से पैसा घर पर ही रखा था। अगर किसान ने पेनल्टी के लालच में पैसा घर में नहीं रखा होता तो शायद यह नगद राशि चोरी होने से बच जाती।