यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 23, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शिवपुरी जिले में 15 लीटर पानी के लिए बहा 15 लोगों का खून
15 लीटर पानी क्या फैला कि दो पक्षों ने एक दूसरे को खून से नहला दिया।
By Edited By:
Publish Date: Mon, 23 May 2016 07:10:41 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 May 2016 07:19:50 PM (IST)

शिवपुरी। जिला भीषण जल संकट से जूझ रहा है और अब पानी के लिए लोग एक दूसरे का खून बहाने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। 15 लीटर पानी क्या फैला कि दो पक्षों ने एक दूसरे को खून से नहला दिया।
ऐसा ही मामला सतनवाडा थाना क्षेत्र के ग्राम कांकर में सोमवार को सामने आया जहां महज 15 लीटर पानी की कटटी फैली तो विवाद इतना बढा कि जमकर लाठी व कुल्हाड़ी चली और दोनों पक्षों के लोग महिलाओं सहित आपस में उलझ गए।
इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के 15 लोग घायल हो गए जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी मिलने पर पुलिस गांव पहुंची जहां तनाव के हालात पर काबू पाया और दोनों पक्षों के विरूद्ध बलवे सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
ऐसे घटा घटनाक्रम
बताया जा रहा है कि सुबह आठ बजे बृखभान धाकड जब बाइक पर पानी की कट्टी टांगकर अपने घर जा रहा था तभी रास्ते में अनिल धाकड बृखभान की बाइक से टकरा गया और पानी की कटटी फैल गई। जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई यहां अनिल ने बृखभान की मारपीट कर दी। घटना में घायल बृखभान ने बताया कि अनिल ने अपने परिवार के सदस्यों को बुला लिया जो हाथों में लाठी, लुहांगी, फरसे और कुल्हाडी लेकर आ पहुंचे जहां उन्होंने उसके परिवार पर हमला बोल दिया।
अचानक हुए हमले से सभी लोग अबाक रह गए। महिलाएं बीच बचाव में आई तो उन्हें भी मारा गया और घर में रखा सामान फेंकना शुरू कर दिया। इस घटना में बृखभान, शिशुपाल, राजरूप, भारती, सीताराम, रामप्रकाश, भूरी, कोचाबाई, मनीषा धाकड घायल हुए तो वहीं दूसरे पक्ष से चुन्नीलाल, मुरारीलाल, हरज्ञान, मलूका और नरेश घायल हो गए। जिनमें से बृखभान, चुन्नीलाल और मुरारी की हालत गंभीर है।
यह बोले थाना प्रभारी
ग्राम कांकर में पानी फैलने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था और गांव में तनाव के हालात निर्मित हो गए थे मौके पर पहुंचकर तनाव शांत कराया व दोनों पक्षों के विरूद्ध क्रास केस कायम किया है। घटना में दोनों पक्षों के 15 लोग घायल हैं।
जयसिंह यादव, थाना प्रभारी, सतनवाडा